मिर्जापुर/वाराणसी। कछवां थाना पुलिस ने किन्नर हत्या कांड का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही उन्होंने घटना में प्रयुक्त वाहन और मृतक किन्नर का मोबाइल बरामद किया है। पुलिस इस हत्याकांड में शामिल तीन आरोपियों की भी तलाश कर रही है। इसका खुलासा एसपी सिटी नितेश सिंह ने पुलिस लाइन में किया।
.jpeg)
हत्या के आरोपियों की पहचान कछवां थाना क्षेत्र के निवासियों के रूप में की गई है, जिनकी उम्र लगभग 20 वर्ष है। ये सभी किन्नरों के दोस्त बताए जा रहे हैं। जांच में पाया गया कि इलाके को लेकर किन्नरों के दो गुटों में विवाद था। मृतक चंदन पटेल उर्फ चांदनी और शहनाज गुट के बीच हाल ही में मारपीट हुई थी। इस घटना से नाराज शहनाज गुट ने बदला लेने के लिए चांदनी को आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के बहाने बुलाया और उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने चांदनी की पिटाई के बाद शव को कछवां और मिर्जामुराद थाना क्षेत्रों के बॉर्डर पर स्थित एक कुंए में फेंक दिया।

मृतक की मां चमेली देवी ने 14 सितंबर को बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। 18 सितंबर को चांदनी का शव बरामद हुआ। मामले की जांच में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में इस्तेमाल वाहन और मोबाइल जब्त किया गया है। कुल छह आरोपी इस वारदात में शामिल थे, जिनमें शहनाज और तीन अन्य की तलाश अभी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में रिक्तिक मौर्या, विशाल सरोज, और अजय मौर्या शामिल हैं। पुलिस टीम में थाना प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन और अन्य अधिकारी शामिल रहे। सभी आरोपियों को कानूनी कार्रवाई के तहत जेल भेज दिया गया है।

Comments (0)