तिब्बत। चीन के तिब्बत प्रांत में मंगलवार सुबह आए भूकंप ने भारी तबाही मचाई। रिक्टर स्केल पर 7.1 तीव्रता वाले इस भूकंप के कारण अब तक 95 लोगों की मौत और 130 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है। भूकंप का केंद्र तिब्बत के शिजांग क्षेत्र में जमीन से 10 किलोमीटर नीचे था।
भूकंप का असर भारत और पड़ोसी देशों में महसूस हुआ
सुबह 9:05 बजे (भारतीय समयानुसार 6:30 बजे) आए इस भूकंप का असर नेपाल, भूटान, सिक्किम और उत्तराखंड तक महसूस किया गया। हालांकि, भारत में अभी तक जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।

भूकंप से भारी नुकसान
रिपोर्ट्स के अनुसार, तिब्बत में 1000 से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है। दीवारें गिरने से कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। भूकंप के झटकों के बाद लोग जान बचाने के लिए खुले इलाकों में भागते नजर आए।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, लेवल-3 इमरजेंसी घोषित
चीन की स्टेट काउंसिल ने भूकंप प्रभावित क्षेत्र में टास्क फोर्स भेजकर लेवल-3 इमरजेंसी घोषित की है। यह इमरजेंसी तब लगाई जाती है, जब लोकल और स्टेट एडमिनिस्ट्रेशन के लिए स्थिति संभालना मुश्किल हो जाए।
चीन की सेना और रेस्क्यू वर्कर्स राहत और बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। भूकंप के कारण इलाके का इन्फ्रास्ट्रक्चर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे बिजली और पानी की सप्लाई बाधित है।

भूकंप की तीव्रता और वैज्ञानिक कारण
नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र भारत और यूरेशियाई टेक्टोनिक प्लेट्स के टकराव वाले क्षेत्र में था। यह पिछले 5 वर्षों में इस क्षेत्र में दर्ज सबसे शक्तिशाली भूकंप है। वैज्ञानिकों के अनुसार, टेक्टोनिक प्लेट्स के टकराने से उत्पन्न ऊर्जा भूकंप का कारण बनती है।
400 किलोमीटर तक असर
भूकंप के झटके 400 किलोमीटर दूर नेपाल की राजधानी काठमांडू तक महसूस किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, स्थिति का आकलन करने के लिए प्रभावित इलाकों में राहत टीमों को तैनात किया गया है।

Comments (0)