गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र के खिलवां गांव में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। वहीं, आर्केस्ट्रा देखने गए एक सदस्य की जान बच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही आस पास के लोगों से पूछताछ कर हत्यारों की खोज में जुट गई। इधर घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। 

जानकारी के मुताबिक, कुसुम्हींकला ग्रामसभा के खिलवां में गांव निवासी मुंशी बिंद (45) और उनकी पत्नी देंवती बिंद (40) घर में सो रहे थे। वहीं बड़ा बेटा  रामाशीष (20) बरामदे में सो रहा था। बदमाशों ने रविवार की देर रात्रि तकरीबन एक बजे घात लगाकर परिवार के तीन सदस्यों की गला रेतकर हत्या कर दी। वहीं छोटा बेटा पड़ोस में तिलकोत्सव में आर्केस्टा देखने गया था। जब वह घर आया तो देखा कि मां बाप और भाई खून से लथपथ पड़े है। जिसके बाद वह शोर मचाने लगा। शोरगुल सुनकर गांव के लोग इकट्ठा हो गए। 

ग्रामीणों के मुताबिक आशीष का पड़ोस की लड़की से अफेयर चल रहा था। इसी को लेकर दोनों के परिजनों में पूर्व में झगड़ा भी हुआ था। हत्यारे संभवत: छोटे भाई को मारने आए थे। जो आर्केस्ट्रा देखने गया था, इस वजह से उसकी जान बच गई। मौके पर पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह समेत पुलिस फोर्स पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से कई अहम सबूत एकत्र कर जांच के लिए तत्काल विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेज दिया। इस सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड से लोगों में भय का माहौल है।

हत्याकांड के खुलासे के लिए चार टीमें गठित

 

थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि मिली तहरीर के आधार पर एक नामजद तथा अन्य अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। डीआईजी ओपी सिंह तथा आईजी पीयूष मोर्डिया ने बताया कि चार टीमें गठित की गई हैं। जल्द ही हत्यारे पुलिस के चंगुल में होंगे। पुलिस लड़की के बाप सहित चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।