वाराणसी। चितईपुर में सर्राफा व्यवसायी मनोज सेठ को गोली मारकर घायल करने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ढूंढ निकाला। पुलिस ने लंका थाना क्षेत्र के लौटूबीर पुलिया के पास मुठभेड़ में दोनों को दबोच लिया।
दोनों की पहचान चंदौली के रहने वाले चंदन सिंह और अंशु खरवार के तौर पर हुई है। दोनों के पैर में गोली लगी है, पुलिस ने प्राथमिक उपचार के बाद तगड़ी सिक्योरिटी में दोनों को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया है। मौके पर दो थानों लंका और चितईपुर व काशी जोन एसओजी ने बदमाशों पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों बदमाशों को फायरिंग कर हिरासत में लिया है।

प्रकरण के मुताबिक, शुक्रवार की रात चितईपुर में सर्राफा व्यापारी मनोज सेठ पर जानलेवा हमला किया था। उस दौरान मनोज के बाएं हाथ में गोली लगी थी। मौके पर पुलिस के आला अधिकारियों ने पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने इस घटना के खुलासे के लिए दो टीमें लगाई थी।

जानकारी के मुताबिक, लंका थाना क्षेत्र के नारायणपुर डाफी निवासी मनोज कुमार सेठ की करनवीर तिराहे पर सोने की दुकान है। शुक्रवार रात वह बटुक भैरव मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे। वह घर से लोअर-टीशर्ट पहनकर पैदल ही मंदिर की ओर निकले थे। इसी दौरान बाइक सवार तीन हमलावरों ने उसे रोक लिया। पहले मनोज की उनसे कहासुनी हुई, इसी बीच एक हमलावर ने तमंचा निकालकर फायर कर दिया। हमलावरों ने तीन राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली मनोज के बाएं हाथ में लगी।

भीड़ देख फरार हो गये थे हमलावर
घटना के बाद आसपास के लोग उस ओर दौड़े तो हमलावर मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने चितईपुर पुलिस और डायल 112 पर सूचना दी। घटना की सूचना पर डीसीपी काशी जोन , एसीपी भेलूपुर व प्रभारी निरीक्षक चितईपुर फ़ोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल किया। पुलिस को मौके से खोखे बरामद हुए।

रेकी कर बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
पुलिस ने इस मामले में रेकी की आशंका जताई थी। पुलिस का कहना था कि बदमाश मनोज की रोजाना की गतिविधियों की रेकी किए होंगे। इसके बाद वह आईटीआई कॉलेज के समीप अंधेरे वाला सुनसान स्थान वारदात को अंजाम देने के लिए चुने होंगे। गोली लगते ही मनोज ने यू-टर्न ले लिया। इस वजह से बदमाशों को करौंदी चौराहा की ओर भागना पड़ा। मनोज का कहना था कि संयोग अच्छा था। इसलिए उनकी जान बच गई।

हिम्मत दिखाई तो बची जान
सर्राफा व्यापारी मनोज सेठ ने बांह में गोली लगने के बाद भी हिम्मत से काम लिया। वह बाइक लेकर घटना स्थल से लगभग 500 मीटर दूर भागे और एक मिठाई की दुकान पर जाकर रुके। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पार्षद श्याम भूषण शर्मा को दी और उन्होंने पुलिस को भी बताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस जगह पर फायरिंग हुई है, वहां रात में लाइट की व्यवस्था न होने के कारण पहले भी हत्या कर शव फेंका जा चुका है। इसके अलावा करौंदी चौराहे पर तैनात रहने वाले पुलिसकर्मी भी अक्सर दिखाई नहीं देते हैं। इस वजह से बदमाशों को घटना को अंजाम देने में आसानी हो गई।

Comments (0)