उत्तर प्रदेश में गर्मी ने विकराल रूप धारण कर लिया है। सोमवार को राज्य के कई शहरों में दोपहर के समय तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया। धार्मिक नगरी काशी, राजधानी लखनऊ में इस सीजन में पहली बार पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ा, जिससे लोगों को चिलचिलाती धूप और झुलसाने वाली हवाओं का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में और अधिक गर्मी पड़ने की चेतावनी दी है।

 


वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, जौनपुर समेत पूर्वांचल के कई जिलों में दोपहर के समय में पारा 40 डिग्री को पार कर गया। सड़कों पर जैसे सन्नाटा छा गया, केवल वही लोग नजर आए, जो किसी आवश्यकतावश आए थे।

 


लखनऊ में दोपहर 2:30 बजे पारा जब 41 डिग्री पर पहुंचा, तो सड़कों पर लोगों की आवाजाही कम हो गई। मौसम विभाग के विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की और बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले तीन दिनों तक लू चलने के आसार हैं और हवा की गति 30 से 45 किमी प्रति घंटे के बीच बनी रह सकती है। हवा की दिशा में बदलाव के चलते गर्म हवाओं की तीव्रता और बढ़ गई है। अब उत्तर-पश्चिमी हवाएं बह रही हैं, जिससे लू जैसी स्थिति बन गई है।

 


गर्मी का असर केवल तापमान तक ही सीमित नहीं रहा। वाराणसी में गर्मी ने एक जापानी पर्यटक को भी चपेट में ले लिया। जानकारी के अनुसार, जापान से वाराणसी आए ताकिया नामक पर्यटक को सोमवार को कड़ी धूप में घूमते समय अचानक चक्कर आया और वह जमीन पर गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर मारवाड़ी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मंडलीय अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि धूप में अधिक देर रहने और शरीर में पानी की कमी के चलते उनकी तबीयत बिगड़ी।

 


आगरा में भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव किया है। जिला प्रशासन ने आदेश जारी कर कहा है कि अब कक्षा 8वीं तक के स्कूलों की छुट्टी दोपहर 12 बजे कर दी जाएगी ताकि बच्चों को तेज धूप से बचाया जा सके।

 


बुलंदशहर में भी गर्मी का असर साफ नजर आया। नगर कोतवाली क्षेत्र की बीसा कॉलोनी में गर्मी और ओवरलोडिंग के कारण एक 100 KVA का ट्रांसफॉर्मर अचानक आग की चपेट में आ गया। दमकल विभाग ने समय रहते आग पर काबू पाया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन इलाके में कुछ समय के लिए बिजली बाधित रही।

 


दूसरी ओर, बिजनौर में मौसम ने करवट ली और भीषण गर्मी के बीच दोपहर बाद तेज आंधी और बारिश ने लोगों को राहत दी। साथ ही ओले गिरने से तापमान में थोड़ी गिरावट आई। लेकिन आंधी के कारण कई जगह पेड़ गिर गए और बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे इलाके में बिजली आपूर्ति ठप हो गई।

 


मौसम विभाग ने साफ किया है कि आगामी दिनों में बुंदेलखंड और पूर्वांचल के जिलों में गर्मी और लू की तीव्रता और बढ़ेगी। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, पानी अधिक पीने और सिर को ढककर निकलने की सलाह दी गई है।