वाराणसी। कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले और इसके जवाब में भारतीय सेना की पाकिस्तान में एयरस्ट्राइक के बाद यूपी में रेलवे स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था तगड़ी कर दी गई है। यूपी में अयोध्या, मथुरा, वाराणसी समेत कई जिलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
इसी क्रम में वाराणसी में बुधवार को खतरे की आशंका को ध्यान में रखते हुए प्रमुख रेलवे स्टेशनों—जैसे कैंट, सिटी स्टेशन, बनारस और काशी—पर सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक चेकिंग अभियान चलाया।


इस सुरक्षा अभियान की अगुवाई जीआरपी के क्षेत्राधिकारी कुंवर प्रताप सिंह ने की। उन्होंने डॉग स्क्वायड की टीम के साथ स्टेशन परिसरों में गहन जांच की। प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, फुटओवर ब्रिज और ट्रेनों के आसपास संदिग्ध वस्तुओं और व्यक्तियों की बारीकी से तलाशी ली गई। सुरक्षा बलों ने यात्रियों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी और जागरूक किया कि वे किसी भी अनजान वस्तु या व्यक्ति पर नजर बनाए रखें।

यात्रियों से बातचीत के दौरान जीआरपी और आरपीएफ ने यह भी अपील की कि अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि उन्हें कोई भी संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी गई कि ऐसी किसी वस्तु को छूने का प्रयास न करें।

इस संबंध में जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि यह चेकिंग अभियान रेल मंत्रालय के निर्देश पर पूरे देश भर में चलाया जा रहा है। बनारस में यह अभियान विशेष सतर्कता के साथ संचालित किया गया है। उन्होंने कहा कि जीआरपी की टीमें पूरे स्टेशन परिसर में एक्टिव मोड में हैं और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी निगाह रखी जा रही है।
Comments (0)