लखनऊ। बाबरी विध्वंस की बरसी और जुमे की नमाज को लेकर यूपी हाई अलर्ट पर रहा। यूपी के कई जिलों में तगड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जुमे की नमाज संपन्न हुई। अयोध्या, मथुरा समेत काशी और संभल में चप्पे-चप्पे पर पुलिस प्रशासन ने अपनी पैनी नजर बनाए रखी। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन और डॉग स्क्वॉड से चेकिंग की गई।


मथुरा में ईदगाह मस्जिद पर विशेष व्यवस्था


मथुरा की शाही ईदगाह मस्जिद में इस बार जुमे की नमाज के लिए 1500 लोग पहुंचे, जो सामान्य संख्या से तीन गुना अधिक है। हर व्यक्ति का आधार कार्ड जांचने के बाद ही प्रवेश दिया गया। आमतौर पर 400-500 लोग ही नमाज पढ़ने आते थे।


बरेली में ड्रोन कैमरे से निगरानी, छतों से पत्थर हटाए गए


बरेली में आला हजरत मस्जिद के पास छतों पर पत्थर पाए गए। पुलिस ने ड्रोन कैमरों से निगरानी के बाद पत्थर हटवाए। संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाई गई है।

 


अमेठी में फ्लैग मार्च के दौरान दरोगा की मौत


अमेठी में फ्लैग मार्च के दौरान संग्रामपुर थाने में तैनात दरोगा राकेश पांडेय (56) को हार्ट अटैक आ गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


प्रमुख धार्मिक स्थलों पर कड़ी सुरक्षा


अयोध्या में ATS कमांडो तैनात किए गए हैं। राम मंदिर और काशी विश्वनाथ मंदिर की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। वाराणसी में ज्ञानवापी मस्जिद और काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।

 


वाराणसी में विवाद, छात्रों ने लगाए नारे


यूपी कॉलेज के बाहर छात्रों ने मस्जिद हटाने की मांग करते हुए नारेबाजी की। उन्होंने धमकी दी कि यदि नमाज पढ़ी गई तो हनुमान चालीसा का पाठ करेंगे। पुलिस ने लाठीचार्ज कर छात्रों को खदेड़ दिया।

 

संभल में विशेष प्रबंध


संभल में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 30 मजिस्ट्रेट और RAF, PAC बल तैनात किए गए हैं। हालिया हिंसा के मद्देनजर शाही जामा मस्जिद के आसपास तीन स्तरीय सुरक्षा की गई है।