अलीगढ़। शादी की तैयारियों के बीच जिस घर में खुशियों का माहौल होना चाहिए था, वहां अब रिश्तों की उलझन और शर्मिंदगी का साया मंडरा रहा है। अलीगढ़ के मडराक थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब शादी से महज दस दिन पहले दुल्हन की मां अपने ही होने वाले दामाद के साथ घर से फरार हो गई। 10 दिन तक छुपते-छुपाते नेपाल बॉर्डर तक का सफर तय करने के बाद आखिरकार दोनों बुधवार को खुद ही दादों थाने पहुंच गए।
राहुल और अनीता ने थाने में किया सरेंडर
शिवानी की मां अनीता और राहुल बुधवार को सफेद स्विफ्ट कार में सवार होकर अचानक दादों थाने पहुंचे। मीडिया की भीड़ देख अनीता ने अपना चेहरा घूंघट से ढक लिया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। अनीता ने बताया कि वह पति के अत्याचारों और घरेलू हिंसा से परेशान होकर राहुल के साथ चली गई थी। उन्होंने कहा, "मैं अब राहुल के साथ ही जिंदगी बिताना चाहती हूं।"

गौरतलब है कि अनीता की बेटी शिवानी की शादी 16 अप्रैल को राहुल से होने वाली थी, लेकिन 6 अप्रैल को ही अनीता और राहुल दोनों अपने-अपने घर से अचानक लापता हो गए। राहुल अपने घरवालों से कपड़े खरीदने की बात कहकर निकला था। दोनों ने जाते ही अपने मोबाइल भी बंद कर लिए, जिससे परिजन पूरी तरह अनजान और परेशान हो गए।
नेपाल बॉर्डर तक पहुंचे फिर लौटे
राहुल ने पुलिस को बताया कि 6 अप्रैल को अनीता अलीगढ़ से कासगंज पहुंची थी, जहां से दोनों बस पकड़कर बरेली गए। इसके बाद मुजफ्फरपुर होते हुए नेपाल बॉर्डर की ओर निकल पड़े। वहां पहुंचकर दोनों को पता चला कि उनकी खबर वायरल हो चुकी है और हर तरफ चर्चा हो रही है। उन्होंने बताया कि मीडिया में खबरें देखकर डर लगा और फिर दोनों ने खुद ही वापसी का फैसला किया। मथुरा के गया कट पर उतरने के बाद एक निजी गाड़ी से दादों थाने पहुंचे।

परिवार ने जताई नाराजगी
अनीता की इस हरकत से शिवानी और उनके पिता जितेंद्र कुमार ने रिश्ता पूरी तरह तोड़ लिया है। उनका कहना है कि इस कदम से पूरे परिवार की समाज में बदनामी हुई है और अब उनका अनीता से कोई नाता नहीं रहा। पुलिस ने दोनों को मडराक थाने स्थानांतरित कर दिया है, जहां उनका बयान दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
राहुल की पुरानी हरकतें भी आईं सामने
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि राहुल इससे पहले भी एक महिला के साथ भाग चुका है। पुलिस ने राहुल को भगाने में मदद करने के आरोप में उसके जीजा को हिरासत में लिया, जहां उसने खुलासा किया कि राहुल पहले भी अपने गांव के पास की एक महिला को लेकर दो महीने तक फरार रहा था। उस मामले में हालांकि महिला के परिजनों ने कोई शिकायत नहीं की थी।
शिवानी की शादी और परिवार की व्यथा
मनोहरपुर कायस्थ निवासी जितेंद्र कुमार की बेटी शिवानी की शादी दादों थाना क्षेत्र के रिया नगला निवासी ओमवीर सिंह के बेटे राहुल से तय हुई थी। लगभग छह महीने पहले रिश्ते की बात पक्की हुई थी और तभी से राहुल का शिवानी के घर आना-जाना भी शुरू हो गया था। इसी दौरान अनीता और राहुल के बीच नजदीकियां बढ़ीं।

परिजनों का कहना है कि बीते चार महीनों से दोनों के बीच लंबी बातें होने लगी थीं। वे दिन में करीब 14 घंटे मोबाइल पर बात किया करते थे। घरवालों ने शुरुआत में इसे शादी से जुड़ी बातचीत समझा और कभी कोई शक नहीं किया। लेकिन 6 अप्रैल को जब दोनों एकसाथ लापता हुए तो परिवार को सच्चाई का अंदाज़ा हुआ।
एसपी ने दी जानकारी
एसपी ग्रामीण अमृत जैन ने बताया कि सास और दामाद को सकुशल बरामद कर लिया गया है। दोनों से पूछताछ जारी है और मामले में जो भी कानूनी कार्रवाई आवश्यक होगी, उसे पूरा किया जाएगा। जल्द ही दोनों को मीडिया के सामने लाकर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Comments (0)