वाराणसी। यूपी में मानसून सावन के अंतिम सप्ताह में एक्टिव हो गया है। पिछले 4-5 दिनों से यूपी के कई जिलों में हो रही बारिश से लोगों ने राहत महसूस की है। इस बीच जहां लोगों को उमस और गर्मी से निजात मिली है, वहीं तापमान भी धड़ाम हुआ है। इस बीच मौसम विभाग ने भी यूपी में 48 घण्टे का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान यूपी के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान है। 

 

वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर समेत आसपास के जिलों में रविवार तड़के हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। इस बीच कहीं जोरदार तो कहीं छुटपुट बारिश हुई है। वहीं लगातार बारिश से गंगा व उसकी सहायक नदियों का जलस्तर बढ़ने लगा है। जिससे तटवर्ती इलाकों के लोगों के माथे पर चिंता की लकीरें नजर आने लगी हैं। वाराणसी में जलस्तर में बढ़ाव के कारण घाटों का आपसी संपर्क टूट गया है। कई घाट फिर से जलमग्न हो गए हैं।

 

जलस्तर में बढ़ाव को लेकर प्रशासनिक अमला अलर्ट मोड पर है। केंद्रीय जल आयोग के ओर से जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है। वहीं जल पुलिस व NDRF अपनी नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन के ओर से बाढ़ राहत शिविरों की भी व्यवस्था की जा रही है।

 

 

यूपी में इस मानसून के सीजन में नॉर्मल से 10 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हालांकि सावन के अंत में यूपी में अच्छी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के मुताबिक, इस सप्ताह उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश होगी। IMD ने रविवार को यूपी के पश्चिमी जिलों में छिटपुट तथा पूर्वांचल में भारी बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान ग्रामीण व कुछ शहरी क्षेत्रों में वज्रपात की भी आशंका है।