वाराणसी। पूर्वांचल में मौसम अब करवट लेने लगा है। ठंड ने अब पूरी तरह से दस्तक दे दी है। पिछले कुछ दिनों से जहां केवल सुबह और रात में ठंड का असर नजर आ रहा था, वहीं अब गलन और कोहरे ने ठंड बढ़ा दी है। 


पहाड़ों पर हो रही बारिश ने यूपी में ठंड बढ़ा दी है। पूर्वांचल के वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, गाजीपुर समेत आसपास के अन्य जिलों में बुधवार की शाम से कोहरे का असर देखने को मिला है। घने कोहरे का असर सड़क पर गाड़ियों की रफ़्तार पर भी नजर आया। कोहरे के कारण जहां कई ट्रेनें लेट हुईं, वहीं सड़कों पर गाड़ियां भी धीमे दौड़ती हुई नजर आईं। 


ठंड के कारण लोगों ने अपने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सड़क पर आग सकते हुए नजर आए। वाराणसी में इस समय न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा है। यहां हवा 8 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से चल रही है। वहीं चंदौली में भी इस समय न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक जका पहुंचा है। यहां भी हवा 8 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से चल रही है, जो कि ठंड बढ़ाने के लिए पर्याप्त है। 


रात में गिरेगा तापमान


मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिन में पूर्वांचल में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री से सेल्सियस से 9 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं रात के समय तापमान 6 डिग्री तक गिर सकता है। इसलिये सावधान रहने की आवश्यकता है। 


मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है। सप्ताह के अंत तक मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है। उत्तर दिशा से 10-15 किमी/घंटा की रफ्तार से ठंडी हवा चलने की उम्मीद है।