वाराणसी। लालपुर पांडेयपुर थाना क्षेत्र के खजुरी की रहने वाली गैंगरेप पीड़िता मामला में ड्रग्स कनेक्शन सामने आया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पीड़िता को शराब, हेरोइन और अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करवाकर हैवानियत की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।


इस मामले में गिरफ्तार किए गए आरोपी किसी एक वर्ग या पेशे से नहीं हैं। इनमें कारोबारी, छात्र और विभिन्न दुकानों पर काम करने वाले युवक शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी अनमोल गुप्ता एक स्पा सेंटर और हुक्का बार का संचालन करता है और पहले भी देह व्यापार के आरोप में जेल जा चुका है। वही पूरे सेक्स रैकेट का मास्टरमाइंड है।

 


ऐसे हुआ घटना का खुलासा


पीड़िता के पिता ने बताया कि उनकी बेटी कई दिनों से लापता थी। जब वह 3 अप्रैल को पुलिस स्टेशन पहुंचे और शिकायत दी, तो शुरुआत में पुलिस ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई। अगले दिन गुमशुदगी दर्ज कर ली गई और लड़की को चौकाघाट से बरामद कर घर भेज दिया गया। हालांकि उस वक्त युवती की हालत बेहद खराब थी, वह नशे में थी और मानसिक रूप से अस्थिर दिख रही थी।


इसके बावजूद पुलिस ने न तो मेडिकल जांच करवाई और न ही केस दर्ज किया। जब परिवार ने 6 अप्रैल को फिर से थाने में शिकायत दर्ज करवाने की कोशिश की, तो पुलिस अधिकारियों ने मीटिंग का बहाना बनाकर रिपोर्ट टाल दी। देर रात उच्च अधिकारियों के दबाव में आकर मुकदमा दर्ज किया गया।


गैंगरेप और सेक्स रैकेट की परतें खुलीं


जब मामले की जांच शुरू हुई, तो यह सिर्फ अपहरण या लापता होने का केस नहीं रह गया। जांच में सामने आया कि पीड़िता को सिगरा, लालपुर और लंका क्षेत्र के हुक्का बार और स्पा सेंटरों में ले जाकर नशे में रखा गया और जबरन देह व्यापार कराया गया।


पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मां ने कुल 23 युवकों के खिलाफ गैंगरेप और शोषण का मुकदमा दर्ज कराया है। इनमें से 9 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि 3 नामजद और 11 अज्ञात आरोपियों की तलाश जारी है। पीड़िता के बयान के आधार पर खुलासा हुआ कि उसे कई बार नशीले पदार्थ दिए गए ताकि वह विरोध न कर सके।


पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई


सिगरा, कैंट, लालपुर और लंका थानों की संयुक्त टीमों ने इस मामले में 24 घंटे के भीतर 33 जगहों पर दबिश दी और 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। सिगरा थानाध्यक्ष और तीन चौकियों के इंचार्जों ने हुक्का बार और स्पा सेंटरों पर छापेमारी की। पहले चरण में 6 आरोपियों को और फिर दूसरे चरण में अनमोल गुप्ता समेत 3 और आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

 


डीसीपी ने दी जानकारी


वरुणा जोन के डीसीपी चंद्रकांत मीणा ने बताया कि पीड़िता के बयान और उसकी मां की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि 10 से 12 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।


पीड़िता का मेडिकल कराया गया है और रिपोर्ट के अनुसार केस में अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं। जांच जारी है और जल्द ही सभी दोषियों को सलाखों के पीछे डालने की बात कही गई है।


गिरफ्तार आरोपियों की सूची


1.    राज विश्वकर्मा (20) – निवासी: सीर करहिया, थाना लंका

2.    आयुष धूसिया (19) – निवासी: नईबस्ती, हुकुलगंज, लालपुर

3.    साजिद (19) – निवासी: बादशाहबाग, लल्लापुरा, थाना सिगरा

4.    सुहैल शेख (20) – निवासी: हुकुलगंज, थाना लालपुर

5.    दानिश अली (20) – निवासी: पाण्डेयपुर, लालपुर

6.    इमरान अहमद (19) – निवासी: बड़ा चकरा, लल्लापुरा, सिगरा

7.    शब्बीर आलम उर्फ समीर अहमद (21) – निवासी: बड़ा चकरा

8.    सोहेल खान (20) – निवासी: इंग्लिशिया लाइन, सिगरा

9.    अनमोल गुप्ता (28) – निवासी: मीरापुर बसही, थाना शिवपुर