वाराणसी के भोजूबीर क्षेत्र में स्थित यूपी कॉलेज के पास रविवार रात एक कैफे और स्पा सेंटर पर पुलिस ने अचानक छापेमारी की। फॉर्म हाउस कैफे एंड कॉफी सेंटर में नीचे हुक्का बार में नशे का दौर चल रहा था, वहीं ऊपर बने स्पा सेंटर में पुलिस को आपत्तिजनक गतिविधियों के संकेत मिले। मौके से पुलिस ने 6 युवतियों और 4 युवकों को हिरासत में लिया है, जबकि दो युवक छत के रास्ते कूदकर फरार हो गए।

यह कार्रवाई डीसीपी वरुणा प्रमोद कुमार को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। उनके निर्देश पर एडीसीपी वरुणा नीतू कादयान और एसीपी सारनाथ विजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस दल ने कैफे और स्पा सेंटर पर एक साथ दबिश दी। कार्रवाई के दौरान नीचे हुक्का बार में विभिन्न टेबलों पर बैठे युवक-युवतियां नशे की गिरफ्त में पाए गए, जहां अलग-अलग फ्लेवर वाले हुक्के परोसे जा रहे थे।
छापेमारी के दौरान जब पुलिस टीम ऊपर स्पा सेंटर में पहुंची तो वहां का सीन देखकर हैरान रह गई। सेंटर के अंदर लकड़ी के केबिन बनाकर उसमें बेड लगाए गए थे। पूछताछ में पता चला कि यहां मसाज की आड़ में युवक-युवतियों को रखा गया था और देह व्यापार की आशंका भी सामने आई है। यह पूरा संचालन अर्दली बाजार पुलिस चौकी से मात्र 800 मीटर की दूरी पर हो रहा था।

कैफे और स्पा सेंटर की गतिविधियों पर पर्दा डालने के लिए बाहर कई सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। पुलिस को सूचना थी कि यहां देर शाम से देर रात तक युवाओं का जमावड़ा लगता है और नशे का सामान खुलेआम परोसा जाता है। छापेमारी के वक्त कैफे में भगदड़ मच गई। कई युवक-युवतियां हुक्का छोड़ भागने लगे, लेकिन पुलिस ने मुख्य गेट बंद कर सभी को रोका और पूछताछ शुरू की।

हिरासत में लिए गए सभी लोगों को शिवपुर थाने लाया गया है। मौके से बड़ी मात्रा में हुक्का, फ्लेवर युक्त तंबाकू और अन्य नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि यह पूरा नेटवर्क एक व्यवस्थित गिरोह के माध्यम से संचालित हो रहा था, जो युवाओं को आकर्षित कर अवैध गतिविधियों में शामिल करता था।
इस मामले में कैफे के संचालक अनुराग, जो बीएलडब्ल्यू का निवासी बताया जा रहा है, उसे पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। बताया जा रहा है कि अनुराग कैफे के संचालन के साथ स्पा सेंटर का भी प्रभारी है। पुलिस उसकी भूमिका की गहन जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार दो युवक मौके से छत के रास्ते भागने में सफल रहे। उन्हें पकड़ने के लिए पास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन वे नहीं मिले। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल डेटा खंगालकर इस पूरे रैकेट की परतें खोलने में जुटी है।
फिलहाल, पकड़े गए युवक-युवतियों से पूछताछ जारी है और पुलिस इस पूरे गिरोह के नेटवर्क को उजागर करने की तैयारी में जुटी है। देह व्यापार और नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोपों की पुष्टि के लिए आगे की जांच के साथ मेडिकल परीक्षण भी कराया जा सकता है।
Comments (0)