वाराणसी। देश और प्रदेश में किसी भी आपातकालीन परिस्थिति जैसे युद्ध या हवाई हमले की स्थिति में जानमाल की सुरक्षा और बचाव को लेकर वाराणसी प्रशासन ने कमर कस ली है। मंगलवार को सर्किट हाउस सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सेना, एयरफोर्स, बीएलडब्ल्यू, एयरपोर्ट अथॉरिटी, एनडीआरएफ, राजस्व, नगर निगम, चिकित्सा, शिक्षा, अग्निशमन, नागरिक सुरक्षा, पुलिस सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।


बैठक का उद्देश्य था—आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की रणनीति तय करना और जनजागरूकता के लिए मॉक ड्रिल की योजना को अंतिम रूप देना। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को 7 मई को जिलेभर में व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभ्यास केवल औपचारिकता नहीं बल्कि जनता को सचेत और प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से होना चाहिए।

 


सभी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान का निर्देश


बैठक में निर्णय लिया गया कि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ सभी स्कूलों और कॉलेजों में मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इस दौरान छात्रों को CPR, घायल व्यक्ति की देखभाल, बेहोश व्यक्ति को कैसे बचाएं, जैसी बुनियादी जानकारियां दी जाएंगी। एनडीआरएफ की सहायता से यह प्रशिक्षण अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।


ब्लैकआउट और सायरन सिस्टम पर खास जोर


जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि युद्धकालीन परिस्थितियों में ब्लैकआउट और सायरन सिस्टम की जानकारी हर नागरिक को होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि पुराने कॉपर वायर सिस्टम की जगह अब फाइबर लाइन आधारित हॉटलाइन रेडियो कम्यूनिकेशन सिस्टम लागू किया गया है, जिससे एक बटन दबाते ही एक साथ सभी सायरन बज सकते हैं। नगर निगम, पुलिस और नागरिक सुरक्षा को समन्वय बनाकर इस व्यवस्था को पुख्ता करने के निर्देश दिए गए।


सिविल डिफेंस की भूमिका और तैयारियां


नागरिक सुरक्षा (सिविल डिफेंस) के उप नियंत्रक जितेन्द्र देव सिंह ने विभाग की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में संचार सेवा में 100, वार्डन सेवा में 916, बचाव सेवा में 240, फर्स्ट एड टीम में 31 और कल्याण सेवा में 45 स्वयंसेवक सक्रिय हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि प्रशिक्षकों की संख्या कम है, इसलिए शिक्षकों को नामित कर प्रशिक्षण कार्य करवाया जा रहा है।

 


उन्होंने बताया कि मास्टर ट्रेनर की व्यवस्था की जा रही है और सभी पोस्ट वार्डन स्तर के कर्मियों को संचार संबंधी प्रशिक्षण दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने सामग्री सूची तैयार करने और जो कमियां हैं, उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।


पुलिस लाइन से मॉक ड्रिल की शुरुआत


अपर पुलिस कमिश्नर कानून व्यवस्था डॉ. एस. चनप्पा ने बताया कि बुधवार सुबह 6 बजे पुलिस लाइन में मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सिविल डिफेंस, पुलिस, एनडीआरएफ सहित सभी संबंधित एजेंसियां भाग लेंगी। यह मॉक ड्रिल हवाई हमले की चेतावनी प्रणाली (एयर रेड वार्निंग सिस्टम) के तहत आयोजित की जाएगी।


ब्लैकआउट पर विशेष प्रशिक्षण


अपर पुलिस आयुक्त ने कहा कि ब्लैकआउट की स्थिति में 100% अंधेरा सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि सभी विभागों को यह समझना जरूरी है कि युद्ध जैसी स्थिति में किस प्रकार से तालमेल बनाकर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने सिविल डिफेंस और पुलिस विभाग के बीच समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

 


सभी विभागों को समन्वय में रहने का निर्देश


बैठक में CDO हिमांशु नागपाल, सिटी मजिस्ट्रेट रविशंकर सिंह, अपर आयुक्त संगम लाल, ADC इरफानुल होदा, एसीपी विजय प्रताप, ट्रैफिक व कोतवाली एसीपी, एनडीआरएफ, जिला विद्यालय निरीक्षक, आर्मी, एयरपोर्ट, बिजली विभाग के अधिकारी एवं सिविल डिफेंस के पदाधिकारी—बीबी सुंदर शास्त्री, कन्हैया लाल यादव, अभिषेक जायसवाल, कृपाशंकर मिश्रा, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, अरविंद विश्वकर्मा, कंचन गुप्ता, सीबी सिंह आदि मौजूद रहे।


गौरतलब है कि बुधवार को दिनभर जिले में अलग-अलग स्थानों पर मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। इसके अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय, गुमटी मार्केट सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे। 5-5 सेक्टरों में 20-20 स्वयंसेवकों की टीमें बनाई गई हैं, जो वार्ड स्तर पर निगरानी एवं दिशा-निर्देशों का पालन कराएंगी।