वाराणसी। उत्तर प्रदेश एटीएस (ATS) ने गुरुवार को वाराणसी से एक खतरनाक पाकिस्तानी नेटवर्क से जुड़े जासूस मोहम्मद तुफैल को गिरफ्तार कर लिया। तुफैल लंबे समय से पाकिस्तान की खुफिया एजेंसियों के संपर्क में था और देश के खिलाफ साजिश में सक्रिय रूप से संलिप्त था। एजेंसियों को उसके पास से कई ऐसे डिजिटल साक्ष्य मिले हैं, जो भारत की आंतरिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकते थे।
तुफैल वाराणसी के नवापुरा, आदमपुर इलाके का निवासी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह पिछले चार महीनों से पाकिस्तान सेना के एक अधिकारी की पत्नी नफीसा के संपर्क में था। यह महिला पाकिस्तान के फैसलाबाद की रहने वाली है और फेसबुक के जरिए तुफैल से जुड़ी थी। जांच में सामने आया है कि नफीसा ही तुफैल को लगातार भारत की संवेदनशील सूचनाएं जुटाकर पाकिस्तान भेजने के लिए प्रेरित कर रही थी।

आतंक से जुड़े ग्रुप्स में सक्रिय था तुफैल
तुफैल ने पाकिस्तान के प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-ए-लब्बैक के सरगना मौलाना शाद रिजवी के वीडियो वॉट्सऐप ग्रुप्स में साझा किए थे। यही नहीं, उसने इन ग्रुप्स में गजवा-ए-हिंद (भारत पर इस्लामी कब्जे) के समर्थन में, बाबरी मस्जिद का बदला लेने और शरीयत कानून लागू करने जैसे भड़काऊ संदेशों को भी साझा किया था।
पुलिस के अनुसार, तुफैल भारत में रहकर न सिर्फ इन आतंकवादी विचारधाराओं का प्रचार कर रहा था, बल्कि उसने कई लोगों को भी इन ग्रुप्स से जोड़ने की कोशिश की। वह वाराणसी में अपने करीबी लोगों को पाकिस्तान समर्थक ग्रुप्स के लिंक भेजता था और उन्हें इस विचारधारा से जोड़ने की मुहिम चला रहा था।
दिल्ली से वाराणसी तक संवेदनशील जगहों की जानकारी साझा की
खुफिया एजेंसियों के अनुसार, तुफैल ने दिल्ली के राजघाट, जामा मस्जिद, लाल किला, निजामुद्दीन औलिया, रेलवे स्टेशन, सहित वाराणसी के नमो घाट और ज्ञानवापी मस्जिद जैसी संवेदनशील जगहों की तस्वीरें खींचकर पाकिस्तानी नंबरों पर भेजी थीं। इन स्थानों की सुरक्षा, जनसंख्या और गतिविधियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी उसने साझा की थीं।

एटीएस को शक है कि तुफैल ने इन जगहों की तस्वीरें न सिर्फ पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजी, बल्कि उनके साथ लगातार संवाद में भी था। इन सभी स्थानों को संभावित आतंकी हमलों के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है।
600 से अधिक पाकिस्तानी नंबरों से संपर्क में था
तुफैल के मोबाइल और सोशल मीडिया की जांच से यह चौंकाने वाली जानकारी भी सामने आई है कि वह 600 से ज्यादा पाकिस्तानी मोबाइल नंबरों के संपर्क में था। इन नंबरों के जरिए वह न सिर्फ भारत विरोधी सामग्री साझा करता था, बल्कि कई नंबरों से उसे वित्तीय सहायता और दिशा-निर्देश भी मिलते थे।
एटीएस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन नंबरों से और कौन-कौन लोग भारत में संपर्क में थे? तुफैल ने कितने भारतीय नागरिकों को इनके नेटवर्क से जोड़ा है?
वाराणसी से गिरफ्तारी, लखनऊ में एफआईआर
तुफैल के खिलाफ एटीएस ने लखनऊ में प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद उसे वाराणसी के उसके घर से गिरफ्तार कर आदमपुर थाने लाया गया। प्रारंभिक पूछताछ और दस्तावेजी कार्रवाई के बाद तुफैल को लखनऊ ले जाया गया है। पूछताछ में उसने कबूल किया है कि उसने वॉट्सऐप ग्रुप्स पर वाराणसी के गोपनीय दस्तावेज, पुलिस और प्रशासनिक सूचनाएं और धार्मिक स्थलों की जानकारी भी साझा की थी।

आतंकी मानसिकता को बढ़ावा देने की साजिश
जांच में यह भी सामने आया है कि तुफैल भारत में बैठकर कट्टर इस्लामी विचारधारा को बढ़ावा देने का काम कर रहा था। वह भारत में शरीयत लागू करने की वकालत करता था और बाबरी मस्जिद को लेकर लोगों को भड़काने की कोशिश करता था।
एजेंसियों को यह भी जानकारी मिली है कि तुफैल पाकिस्तानी ग्रुप्स से जुड़ने के बदले आर्थिक मदद और सामाजिक मान्यता पाने की लालच में भी काम कर रहा था। वह अपने समुदाय में खुद को धार्मिक रूप से ताकतवर साबित करने की कोशिश करता था।

Comments (0)