वाराणसी। रामनगर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात उजाला तिराहे के पास पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। बाइक सवार अपराधियों ने चेकिंग के दौरान पुलिस बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी के दौरान उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरा भागने के प्रयास में पुलिस के हत्थे चढ़ गया।

 


पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक घायल


रामनगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजू सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाल सुधार गृह के पास और विश्व सुंदरी पुल के नीचे बदमाशों को घेर लिया। खुद को घिरता देख अपराधियों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश अजय साहनी के पैर में गोली लगी और वह सड़क पर गिर पड़ा। मौके से भाग रहे उसके साथी त्रिभुवन को पुलिसकर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया।


शातिर अपराधी निकले दोनों बदमाश


पुलिस के अनुसार, घायल बदमाश अजय साहनी के खिलाफ वाराणसी के लंका थाने में 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि गिरफ्तार त्रिभुवन पर भेलूपुर थाने में दर्ज एक मामले में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

 


पुलिस कर रही पूछताछ


मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसीपी कोतवाली प्रज्ञा पाठक मौके पर पहुंचीं और फॉरेंसिक टीम को बुलाकर जांच शुरू करवाई। पुलिस दोनों बदमाशों से पूछताछ कर रही है और लूटे गए आभूषणों की बरामदगी की कोशिश में जुटी है।