वाराणसी। गायघाट मोहल्ले में मंगलवार को एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। पूजा करते समय एक पुजारी ने मां काली का जयकारा लगाते हुए चाकू से अपना गला रेत लिया। घटना के बाद पुजारी की चीखें सुनकर उनकी पत्नी और मकान मालिक मौके पर पहुंचे। गंभीर हालत में पुजारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

 


पूजा के दौरान हुई घटना


कोतवाली थाना क्षेत्र के गायघाट निवासी पुजारी अमित शर्मा अपने किराए के घर में पत्नी जूली और 10 वर्षीय बेटे समीर के साथ रहते थे। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे मंदिर से लौटने के बाद अमित घर के मंदिर में पूजा कर रहे थे। अचानक वह जोर-जोर से "जय मां काली, मां दर्शन दो" पुकारने लगे। उनकी आवाज सुनकर पत्नी जूली ने देखा कि वह पूजा में मग्न थे और किचन में लौट गईं। कुछ ही देर बाद उनकी चीखें गूंजीं।


खून से लथपथ मिले पुजारी


चीख सुनकर जूली मौके पर पहुंचीं और देखा कि अमित खून से लथपथ जमीन पर पड़े थे। पास में ही खून से सना चाकू रखा था। मकान मालिक सूरज प्रसाद मेहरा समेत आसपास के लोग तुरंत पहुंचे और उन्हें अस्पताल ले गए।

 


शव लेकर फरार हुए परिजन


अस्पताल में डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को स्ट्रेचर से उठाकर ऑटो में ले गए और कहीं चले गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर किराए के घर और मकान मालिक से संपर्क किया। हालांकि, परिजन फरार थे और फोन कॉल का जवाब भी नहीं दिया।


मोहल्ले में तंत्र-मंत्र की चर्चा


मकान मालिक और पड़ोसियों ने बताया कि अमित शर्मा पूजा-पाठ के साथ-साथ तंत्र-मंत्र में भी रुचि रखते थे। स्थानीय लोगों का मानना है कि उन्होंने तांत्रिक विधि के चलते यह कदम उठाया हो सकता है। शव को अचानक ले जाने के पीछे भी तांत्रिक कारण होने की संभावना जताई जा रही है।


पुलिस जांच में जुटी


डीसीपी काशी जोन गौरव बंसवाल ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी है। परिवार से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। एसीपी कोतवाली मामले की गहन जांच कर रहे हैं।