वाराणसी समेत आसपास के जिलों में आंधी-तूफान को लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। इस बीच वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर से लगायत क्षेत्रों में आंधी-तूफान से मौसम बिगड़ने की आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के अनुसार, पूर्वांचल में 5 और 6 मई को 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं 6 और 7 मई को वज्रपात की भी आशंका है।
ऐसे में जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने इस चेतावनी के मद्देनजर आम जनमानस से सतर्क और सावधान रहने की अपील की है। प्रशासन ने बताया है कि तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावित स्थिति में जान-माल के नुकसान को रोकने के लिए कुछ एहतियात बेहद जरूरी हैं।

क्या करें और क्या न करें: प्रशासन की विस्तृत गाइडलाइन
प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि तूफान और चक्रवात से पहले नागरिक शांत रहें, अफवाहों से बचें और मोबाइल फोन को चार्ज करके रखें ताकि आपात स्थिति में संपर्क बना रहे। मौसम की जानकारी समय-समय पर लेते रहें और जरूरी कागजात एवं कीमती सामान जलरोधक थैले में सुरक्षित रखें।
बच्चों और बुजुर्गों के लिए दवाइयों की पूर्व व्यवस्था कर लें और यदि घर असुरक्षित हो तो समय रहते किसी मजबूत जगह पर शरण लें। पशुधन को भी खुले स्थानों से हटाकर सुरक्षित जगह बांधने की सलाह दी गई है।

आंधी के दौरान यदि व्यक्ति घर के अंदर है तो मुख्य बिजली स्विच और गैस की आपूर्ति को तुरंत बंद कर देना चाहिए। दरवाजे-खिड़कियां बंद रखें और केवल उबला या क्लोरीन मिला पानी ही पिएं। किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें।
अगर कोई व्यक्ति तूफान के दौरान घर से बाहर है तो वह क्षतिग्रस्त भवनों, बिजली के खंभों और नुकीली वस्तुओं से दूर रहे। सुरक्षित स्थान की तलाश करें और बड़े पेड़ों के नीचे हरगिज न रहें। वहीं मछुआरों और नाविकों से कहा गया है कि वे इन दिनों नदी में न उतरें और अपनी नौकाओं को सुरक्षित जगह पर बांधकर रखें।
वज्रपात से सुरक्षा के उपाय
वज्रपात की स्थिति में खतरनाक जगहों से दूर रहना ही सबसे सुरक्षित उपाय बताया गया है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि रबर के जूते और टायर बिजली से सुरक्षा नहीं प्रदान करते। बिजली गिरने के समय खिड़कियों से बाहर न देखें और कंप्यूटर, टीवी, फ्रिज जैसे उपकरणों को बिजली की आपूर्ति से अलग कर दें।
इस दौरान मोबाइल फोन और नल के पानी के इस्तेमाल से बचने की सलाह दी गई है क्योंकि इन माध्यमों से करंट प्रवाहित हो सकता है। लंबी धातु की वस्तुएं, खंभे या पेड़ वज्रपात को आकर्षित करते हैं, अतः इनसे दूरी बनाए रखें।
अगर बिजली गिरने के कारण किसी व्यक्ति को चोट लगती है, तो उसे छूना सुरक्षित है, क्योंकि इससे झटका नहीं लगता। ऐसे व्यक्ति को तुरंत अस्पताल ले जाना चाहिए।
Comments (0)