वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महाकुंभ के बाद पहली बार काशी आगमन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि बीते 11 वर्षों में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में काशी का जितना व्यापक विकास हुआ है, वह अद्वितीय है। उन्होंने कहा कि अब यह नई काशी देशभर के श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही है।
.jpeg)

मुख्यमंत्री ने कहा कि काशी कभी संकरी गलियों और जाम के लिए जानी जाती थी, लेकिन अब यह आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक आदर्श धार्मिक, शैक्षिक और पर्यटन नगरी बन चुकी है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में यहां 50,000 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं आई हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगभग 4,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को राधा-कृष्ण की लीलाओं से युक्त अंगवस्त्र पहनाकर और वाराणसी की काष्ठकला से बनी जीआई टैग प्राप्त कमल छत्र भेंट कर सम्मानित किया।
.jpeg)
महाकुंभ में काशी बना आस्था का केंद्र, पहुंचे 3 करोड़ श्रद्धालु
मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि हरियाणा, महाराष्ट्र और दिल्ली विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री की यह पहली काशी यात्रा है। उन्होंने बताया कि 45 दिनों के महाकुंभ आयोजन के दौरान काशी में भी श्रद्धालुओं का अद्भुत समागम देखा गया, जहां 3 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ के दरबार में दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।


उन्होंने कहा कि महाकुंभ की सफलता प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और स्वच्छता-सुरक्षा संबंधी निर्देशों के पालन का परिणाम है। नमामि गंगे परियोजना की सफलता ने भी महाकुंभ को भव्य और दिव्य स्वरूप प्रदान करने में अहम भूमिका निभाई। त्रिवेणी में स्नान करने वाले श्रद्धालुओं ने गंगा, यमुना और सरस्वती की पवित्रता को आत्मसात किया और आस्था से अभिभूत हो उठे।
काशी के उत्पादों को मिली वैश्विक पहचान, 21 नए GI टैग की सौगात
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से काशी और उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है। उत्तर प्रदेश को सबसे अधिक GI टैग प्राप्त हुए हैं और अब यह राज्य इस क्षेत्र में देश में पहले स्थान पर है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने 21 नए GI टैग के प्रमाणपत्र भी प्रदान किए।
स्थानीय कारीगरों और हस्तशिल्पियों के लिए यह एक नई उपलब्धि है, जो अब अपने उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचा पा रहे हैं। साथ ही, उन्होंने आयुष्मान भारत योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि देशभर में 50 करोड़ और उत्तर प्रदेश में 10 करोड़ लोग इस योजना से लाभान्वित हुए हैं। वय वंदना योजना के तहत 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को ₹5 लाख की स्वास्थ्य सुविधा मिली है और काशी में 50,000 से अधिक बुजुर्गों को इसका कार्ड भी जारी किया गया है।

बनास डेयरी परियोजना से जुड़े किसानों को मिला लाभ, प्रधानमंत्री ने बांटे बोनस
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि बनास डेयरी परियोजना ने काशी के किसानों और पशुपालकों को एक नई दिशा दी है। इस परियोजना के माध्यम से वैल्यू एडिशन कर पशुपालकों को आर्थिक लाभ हुआ है। आज प्रधानमंत्री मोदी ने उन पशुपालकों को बोनस भी प्रदान किया, जिन्होंने बनास डेयरी की काशी इकाई से जुड़कर लाभ कमाया।
विकास के हर क्षेत्र में काशी बनी मिसाल, मुख्यमंत्री ने जताया कृतज्ञता भाव
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य, कनेक्टिविटी, कृषि और हस्तशिल्प—हर क्षेत्र से जुड़ी योजनाओं ने काशी को एक नई ऊंचाई दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार प्रकट करते हुए कहा कि काशीवासियों और पूरे प्रदेश की ओर से हम उनके योगदान के लिए हृदय से धन्यवाद देते हैं।
इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, गुजरात विधानसभा अध्यक्ष शंकर भाई चौधरी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।
Comments (0)