वाराणसी। सुप्रीम कोर्ट के शासकीय अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन का कहना है कि ज्ञानवापी परिसर से बाबा विश्वेश्वर महादेव की मुक्ति का समय अब निकट है। उन्होंने कहा कि न्यायालय में चल रही कानूनी प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की जांच में तथाकथित फव्वारा असल में शिवलिंग ही साबित होगा। उन्होंने बाबा के भक्तों से आह्वान किया कि वे अभी से आदि विश्वेश्वर महादेव के भव्य अष्टकोणीय मंदिर के निर्माण की तैयारी शुरू कर दें, ताकि अदालत का निर्णय आने के तुरंत बाद निर्माण कार्य आरंभ किया जा सके।

बुधवार को लक्सा स्थित मारवाड़ी भवन में इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (IIA) द्वारा "राष्ट्र के समक्ष चुनौतियां और समाधान" विषय पर आयोजित संगोष्ठी में बोलते हुए जैन ने कहा कि जिस दिन ज्ञानवापी मुक्त होगा, उसी दिन से भारत सहित पूरे विश्व में हिंदू धर्म के पुनर्जागरण की शुरुआत होगी।

कार्यक्रम में ज्ञानवापी श्रृंगार गौरी मामले की वादी चारों महिलाओं—लक्ष्मी देवी, सीता साहू, मंजू व्यास और रेखा पाठक—की सराहना करते हुए उन्हें वीरांगना बताया गया। संगोष्ठी की अध्यक्षता आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आरके चौधरी ने की, जिन्होंने विष्णु शंकर जैन को 'महामानव' की संज्ञा दी। कार्यक्रम का संचालन आईआईए के राष्ट्रीय सचिव राजेश भाटिया ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन आईआईए टूरिज्म कमेटी के अध्यक्ष राहुल मेहता ने किया।
Comments (0)