वक्फ संशोधन अधिनियम संसद के दोनों सदनों से पारित होकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की मंजूरी के बाद कानून का रूप ले चुका है, लेकिन इस कानून के विरोध में अब देश के कुछ हिस्सों में अशांति देखने को मिल रही है। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया है। बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध जताया और कई स्थानों पर हालात बेकाबू हो गए।

 


प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहनों समेत कई गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया। कुछ स्थानों पर पुलिस द्वारा समझाने का प्रयास किया गया, लेकिन भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने और लाठीचार्ज करने पर मजबूर होना पड़ा।

 


इस कानून के विरोध में अब तक एक दर्जन याचिकाएं सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की जा चुकी हैं। वहीं, मौजूदा हालात को देखते हुए मुर्शिदाबाद में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं।

 


‘ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड’ (AIMPLB) ने 11 अप्रैल को पूरे देश में बंद का आह्वान किया है। विरोध प्रदर्शन के दौरान सामने आए वीडियो में सड़कों पर जलते वाहन और उपद्रव के दृश्य स्पष्ट देखे जा सकते हैं। इससे पहले मणिपुर में वक्फ संशोधन बिल का समर्थन करने पर भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के घर को आग के हवाले किए जाने की घटना भी सामने आई थी।


वहीं, पश्चिम बंगाल भाजपा के सह-प्रभारी अमित मालवीय ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो साझा करते हुए आरोप लगाया कि राज्य में पिछले एक सप्ताह में चार स्थानों – बेलडांगा, मोथाबाड़ी, नौदा और जंगीपुर – में ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण मुर्शिदाबाद अब ममता बनर्जी की सरकार में असामाजिक तत्वों का गढ़ बनता जा रहा है।


अमित मालवीय ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर हमला बोलते हुए दावा किया कि उनके भड़काऊ बयानों के चलते राज्य में ऐसी घटनाएं घट रही हैं। उन्होंने याद दिलाया कि यही क्षेत्र वह है जहाँ कार्तिक पूजा के दौरान हिन्दू समुदाय पर हमले हुए थे। उन्होंने हिंसा को संविधान के खिलाफ बताया और कहा कि ममता बनर्जी राज्य के बड़े हिस्से पर अपना नियंत्रण खो चुकी हैं।


गौरतलब है कि मुर्शिदाबाद में मुस्लिम आबादी 67% से अधिक है, जबकि हिंदू समुदाय की जनसंख्या एक तिहाई से भी कम रह गई है। यह इलाका पहले भी कई बार हिंसा का गवाह रह चुका है।

 


2019 में नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के खिलाफ हिंसा की शुरुआत भी पश्चिम बंगाल से ही हुई थी। उस समय रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों को निशाना बनाया गया था। एक घटना में मस्जिद से हुई घोषणा के बाद बड़ी संख्या में लोग ट्रैक पर उतर आए थे और तोड़फोड़ की थी, जिससे कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा था।