उस पिता पर क्या बीतेगी, जिसकी बेटी की शादी के लिए आई बारात वापस चली जाए। उस युवती पर क्या बीतेगी, जब उसे पता चले कि जिसके नाम की उसने मेहंदी लगाई है, वह मात्र दहेज़ में एक कार न मिलने के कारण बारात वापस लेकर चला गया। उस पल उस पर क्या बीतेगी, जब उसे पता चले कि उसने जिससे सात जन्म साथ बीताने के सपने देखे थे, वह दहेज़ लोभी निकला। शायद यह सोच कर ही किसी का कलेजा काँप जाये।


ऐसा ही वाकया वाराणसी में हुआ है, जहां दहेज़ में कार न मिलने के कारण दूल्हा बारात समेत वापस लौट गया। इतना ही नहीं, उसने दहेज़ का सामान वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत पुलिस से करते हुए न्याय की गुहार लगाई है। 


मामला मंडुआडीह थाना क्षेत्र का है। जहां एक पिता ने अपनी बेटी की शादी में दहेज की मांग को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। घटना 4 दिसंबर, 2024 (बुधवार) की है, जब युवती की शादी होने वाली थी, लेकिन दहेज़ की तगड़ी मांग के कारण नहीं हो पाई। युवती के पिता ने लड़के और उसके परिवार पर दहेज उत्पीड़न और धमकी का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

 


क्या है मामला?


गाजीपुर के भदौरा निवासी अजय कुमार जायसवाल ने अपनी बेटी मानसी जायसवाल का विवाह विशाल जायसवाल से तय किया था। शादी का आयोजन राजवंश पैलेस, कंचनपुर में किया गया था। शादी के दौरान लड़के और उसके परिवार ने पहले से तय दहेज के अतिरिक्त 6।5 लाख रुपये ट्रांसफर, 12 लाख रुपये नगद व सोने की चेन और अंगूठी की मांग की। अजय जायसवाल ने इस मांग को पूरा किया।


कार मांगने पर बिगड़ा मामला


शादी के दौरान द्वार पूजा के बाद विशाल और उसके परिवार ने कार की मांग कर दी। लड़की के पिता ने असमर्थता जताई, जिससे नाराज होकर लड़के और उसके परिवार ने जयमाल के बाद शादी से इंकार कर दिया और बारात वापस चली गई।


जान से मारने की धमकी का आरोप


लड़की के पिता ने आरोप लगाया कि दहेज में दी गई राशि और उपहार वापस मांगने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। उन्होंने मंडुआडीह थाना में तहरीर देकर मामले की जांच और FIR दर्ज करने की मांग की है।


पुलिस की कार्रवाई


घटना की सूचना 112 नंबर पर दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझौता कराने का प्रयास किया। लेकिन विशाल और उसके परिवार ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। अजय जायसवाल ने दहेज कानून के तहत कार्रवाई की अपील की है।