वाराणसी के जैतपुरा थानाक्षेत्र के संजय नगर अपार्टमेंट में सोमवार को रेनू नाम की एक महिला (35 वर्ष) की छत से गिरने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी थी। इसके बाद महिला के चोरी करने की चर्चा तेज थी। क्षेत्र में चर्चा थी कि महिला जिसके यहां काम कर रही थी, उसके यहां चोरी कर रही थी।

ऐसे में महिला के परिजनों व स्थानीय लोगों ने मंगलवार को चौकाघाट पर जमकर हंगामा किया। परिजनों ने पोस्टमार्टम के बाद शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। सूचना पर एडीसीपी काशी जोन नीतू, एसीपी चेतगंज फ़ोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। इस दौरान पुलिस को हल्का बल भी प्रयोग करना पड़ा।

परिजनों ने महिला की मौत मामले में हत्या का आरोप लगाया है। साथ ही उन्होंने चोरी की बात से साफ़ इंकार किया है। बताया कि महिला आर्थिक रूप से कमजोर थी। वह उक्त घर में काम करने जाती थी। वह छत पर क्यों गई, उसे कौन ले गया, इसकी जाँच हो। एडीसीपी नीतू ने महिला के मौत की जांच का परिजनों को आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रकरण की पूरी जांच होगी।

ये है पूरा मामला
बता दें कि जैतपुरा थान अंतर्गत ढेलवरिया निवासिनी रेनू गौड़ पत्नी सच्चे लाल पिछले 17 साल से संजय नगर अपार्टमेंट में रहने वाले साड़ी व्यापारी आदित्य मल्होत्रा के घर में झाडू पोछा का काम करती थी। कई दिन पहले साड़ी व्यापारी आदित्य मल्होत्रा परिवार के साथ बरेली चले गए थे। सोमवार की शाम कॉलोनी में रहने वालों ने देखा कि रेनू की लाश फ्लैट के पिछले हिस्से में पड़ी है।

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम के साथ मिलकर जांच पड़ताल किया। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के संबंध में आशंका जताई जा रही है कि घर में काम करने वाली महिला पीछे के रास्ते घर में चोरी की नीयत से चढ़ी होगी पैर फिसलने के चलते वह गिर गयी होगी और उसकी मौत हो गयी होगी। जबकि पुलिस की जांच में छत पर उसका पर्स, साड़ी का गट्ठर और चप्पल बरामद हुआ है।
मौत के हर पहलू की जांच होगी
मृतक रेनू गौड़ के शरीर के किसी भी अंग से खून नहीं निकल रहा है और छत पर उसका पर्स और साड़ी का गट्ठर पड़ा हुआ है। कॉलोनी में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होती रही, फिलहाल आदित्य मल्होत्रा और उनका परिवार बरेली में ही है। उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। वही लोगों का कहना है कि महिला आगे के ही रास्ते से चौथी मंजिल पर गई थी। एसओ जैतपुरा बृजेश मिश्रा का कहना है मौत के लिए हर पहलू से जांच की जायेगी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

Comments (0)