वाराणसी में सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक दिवसीय दौरे के दौरान उदय प्रताप कॉलेज (यूपी कॉलेज) के स्थापना दिवस समारोह में भाग लिया। जय श्री राम के उद्घोष और मंत्रोच्चार के बीच उनका स्वागत हुआ।


कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल ने यूपी कॉलेज की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में यूपी कॉलेज का पूरे देश में बड़ा नाम है। भारत के कई कृषि वैज्ञानिक इस कॉलेज के पूर्व छात्र हैं। उन्होंने लाल पेड़ा की प्रसिद्धि और खेलों में अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिभाओं का उल्लेख करते हुए कॉलेज की विरासत को गौरवान्वित किया।

 


मंत्री ने कहा, ‘अगर यूपी कॉलेज न होता, तो लाखों परिवार शिक्षा से वंचित रह जाते।’ उन्होंने मुख्यमंत्री से कॉलेज को विश्वविद्यालय का दर्जा देने और एक लॉ कॉलेज शुरू करने का अनुरोध किया।

 


भारत माता मंदिर का ऐतिहासिक महत्व


अपने संबोधन में जायसवाल ने भारत माता मंदिर का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मंदिर 1915 के भारत के नक्शे को दर्शाता है, जिसमें पाकिस्तान, अफगानिस्तान, नेपाल, बांग्लादेश और श्रीलंका भी शामिल थे। ‘बंटोगे तो कटोगे’ नारा देते हुए उन्होंने विभाजन के ऐतिहासिक परिणामों की ओर इशारा किया।


इतिहास स्वयं को दोहरा रहा


जायसवाल ने अकबर और महाराणा प्रताप का उदाहरण देते हुए कहा कि अकबर जैसे लोग लोगों को बांटकर अपने साम्राज्य का विस्तार करते थे, जबकि महाराणा प्रताप जैसे लोग एकता के प्रतीक थे। उन्होंने मुख्यमंत्री के संदेश को दोहराते हुए कहा, ‘एक रहो, सेफ रहो।’

 


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समारोह में भाग लेकर यूपी कॉलेज के योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को चुस्त रखा गया।


मंत्री रविंद्र जायसवाल ने अंत में उपस्थित लोगों का धन्यवाद करते हुए उम्मीद जताई कि यूपी कॉलेज के विकास में सरकार अहम भूमिका निभाएगी।