जौनपुर। जौनपुर के शिवापुर गांव में मॉब लिंचिंग से बचने के लिए एक युवक ने 40 फीट ऊंचे ओवरब्रिज से कूदकर आत्महत्या कर ली। बच्चा चोरी के संदेह में गांववालों ने युवक का पीछा किया और वह बचने के लिए ब्रिज पर चढ़ गया, जहां लगभग 8 घंटे तक वह रुका रहा। पुलिस और आला अधिकारी युवक को नीचे उतारने के प्रयास में जुटे रहे, लेकिन अंततः उसने कूदकर अपनी जान दे दी।


मंगलवार (10 सितंबर) सुबह गांववालों ने दो युवकों को बच्चा चोरी के शक में पकड़ा। एक युवक को उन्होंने पकड़कर पीटा और पुलिस को सौंप दिया, जबकि दूसरा युवक भागकर वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर बने ओवरब्रिज पर चढ़ गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को बचाने के लिए जाल लगाने की कोशिश की, लेकिन ट्रैफिक जाम होने के कारण जाल हटा लिया गया।

 


युवक की पहचान बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले अवनीश कुमार (31) के रूप में हुई है। उसकी जेब से आधार कार्ड मिला। पुलिस ने बताया कि अवनीश और उसका साथी सुबह 5 बजे शिवापुर गांव पहुंचे, जहां गांववालों ने उन्हें बच्चा चोर कहकर दौड़ा दिया।

 


पुलिस के आला अधिकारी और IG भी मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह बहुत डर गया था और ब्रिज से नीचे नहीं उतरा। सीढ़ियों और मछली पकड़ने वाले जाल का उपयोग कर पुलिस ने उसे ब्रिज से उतारने की कोशिश की, लेकिन जाम की स्थिति के कारण जाल हटा लिया गया। अंततः युवक ने ब्रिज से कूदकर आत्महत्या कर दी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।