
MP Election: मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे से शुरू हुई कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच की रार बढ़ती जा रही है। यहां इंडी गठबंधन के दो बड़े सियासी दल आपस में ही उलझते दिख रहे हैं। इसी बीच विधानसभा चुनाव में वोटिंग से पहले ही समाजवादी पार्टी दो सीटें हार गई है। यहां कांग्रेस ने ही सपा को झटका दे दिया है।
जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव (MP Election) में वोटिंग से पहले भिंड के बाद बालाघाट के कटंगी में सपा प्रत्याशी ने पार्टी से इस्तीफा देते हुए कांग्रेस का दामन थाम लिया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में बालाघाट में सपा उम्मीदवार महेश सहारे ने कांग्रेस की सदस्यता ली। वहीं भिंड में भाजपा ने सपा को झटका दिया था। अब कांग्रेस ने सपा को बालाघाट में झटका दिया है।
भिंड से सपा प्रत्याशी रविसेन जैन भी पिछले दिनों भाजपा में शामिल हो गए थे। जैन पहले भाजपा में ही थे। टिकट न मिलने से नाराजगी पर सपा में चले गए थे। जहां सपा ने उन्हें भिंड से उम्मीदवार बनाया था। अब उन्होंने फिर से भाजपा में वापसी की है।

MP Election: यूपी के घोसी विधानसभा उपचुनाव के बाद शुरू हुई थी सपा कांग्रेस में रार
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश की घोसी विधानसभा उपचुनाव से सपा कांग्रेस में शुरू हुई रार मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में सीट बंटवारे पर भी अच्छी खासी दिखाई दे रही है। विपक्षी दलों के गठबंधन इंडि अलायन्स में शामिल समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस से खासा नाराज थे। अखिलेश ने बिफर कर यहां तक कह दिया था कि यदि उन्हें पता होता कि राज्य में गठबंधन की बात नहीं है, तो सपा कांग्रेस संग बैठक करने ही नहीं जाती।
To get more updates join our Whatsapp Group