- होटल व होमस्टे शत-प्रतिशत फुल; नाव-क्रूज, बनारसी साड़ी और हस्तशिल्प उद्योग को मिली नई रफ्तार
- 15 से 25 हजार लोगों को मिला अस्थायी रोजगार; वाराणसी के साथ चंदौली और जौनपुर तक ग्रामीण पर्यटन ने पकड़ी गति
वाराणसी। काशी की विश्वप्रसिद्ध देव दीपावली अब केवल आस्था, परंपरा और घाटों पर जलते लाखों दीपों की भव्यता तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह पूर्वांचल की स्थानीय अर्थव्यवस्था और स्वरोजगार को गति देने वाला सबसे बड़ा माध्यम बनकर उभरी है। 24 नवंबर को आयोजित इस महापर्व पर देश-विदेश से उमड़े श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ ने होटल, होमस्टे, नाव-क्रूज, खानपान, परिवहन, बनारसी साड़ी, हस्तशिल्प और ग्रामीण कुटीर उद्योगों को अभूतपूर्व रफ्तार दी है। अर्थशास्त्रियों के आकलन के अनुसार, देव दीपावली के तीन दिनों के दौरान काशी में 450 से 500 करोड़ रुपये तक के पर्यटन कारोबार और 15 से 25 हजार अस्थायी रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है।
हर सेक्टर में बरसा धन, 500 करोड़ के कारोबार का गणित
डीएवी कॉलेज के अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. अनूप कुमार मिश्र के विश्लेषणात्मक आकलन के मुताबिक, पर्व के दौरान 40 देशों से 50 हजार से अधिक विदेशी मेहमानों सहित करीब 10 से 15 लाख श्रद्धालु काशी पहुंचे। इससे प्रतिदिन औसतन 150 से 166.67 करोड़ रुपये की व्यावसायिक गतिविधियां दर्ज की गईं। क्षेत्रवार आकलन देखें तो होटल एवं आवास सेक्टर में सर्वाधिक 180 करोड़ रुपये, नाव एवं क्रूज सेवाओं में 90 करोड़ रुपये, खानपान व रेस्तरां में 75 करोड़ रुपये, बनारसी साड़ी व हस्तशिल्प में 65 करोड़ रुपये, परिवहन में 55 करोड़ रुपये तथा पूजा सामग्री, फूल, दीपक व अन्य सेवाओं में 35 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।
इस आर्थिक गतिविधि से सरकारी खजाने को भी सीधा लाभ पहुंचा है। प्रो. मिश्र के अनुसार, यदि 250 से 300 करोड़ रुपये की अंतिम बिक्री को कर योग्य माना जाए और 5 से 12 प्रतिशत की प्रभावी जीएसटी दर लागू हो, तो इससे लगभग 12 से 32 करोड़ रुपये का कुल जीएसटी राजस्व प्राप्त होने की संभावना है, जिसमें उत्तर प्रदेश का एसजीएसटी हिस्सा 6 से 16 करोड़ रुपये तक रह सकता है।
होटल के साथ होमस्टे बने पहली पसंद, शत-प्रतिशत बुकिंग
पर्यटकों की भारी आमद का सबसे सकारात्मक असर स्थानीय परिवारों द्वारा संचालित होमस्टे कारोबार पर दिखा। किफायती किराये, घरेलू माहौल और पारंपरिक बनारसी आतिथ्य के कारण पर्यटकों ने बड़े होटलों के साथ होमस्टे को भी प्राथमिकता दी। बंगाली टोला के निर्मल गंगा व्यू होमस्टे के संचालक नारायण साहनी, बांसफाटक के मंजू श्री होमस्टे के संदीप चतुर्वेदी, महमूरगंज के महादेव इन के रमेश और पांडेयपुर के शीतल होमस्टे के संचालकों ने बताया कि देव दीपावली पर सभी कमरे शत-प्रतिशत बुक रहे और कई मेहमानों को जगह न होने से लौटना पड़ा। गुजरात सहित विभिन्न राज्यों से आए परिवारों ने घर के बने ताजे भोजन और पारिवारिक माहौल को खूब सराहा।
अपर मुख्य सचिव (पर्यटन एवं संस्कृति) अमृत अभिजात के अनुसार, होमस्टे की शत-प्रतिशत बुकिंग साबित करती है कि पर्यटन का आर्थिक लाभ अब सीधे स्थानीय परिवारों तक पहुंच रहा है।
बनारसी साड़ी, हस्तशिल्प और ट्रैवल सेक्टर में बूम
पर्व के दौरान बुनकरों, हस्तशिल्पियों और ट्रैवल ऑपरेटरों के चेहरे भी खिले रहे। साड़ी कारोबारी दीपक अग्रवाल ने बताया कि सहालग के अलावा देव दीपावली ऐसा बड़ा अवसर बन गई है, जब पर्यटक यादगार के तौर पर बनारसी साड़ियों की जमकर खरीदारी करते हैं। हस्तशिल्प कारोबारी अमर अग्रवाल और 'ट्रैवल जोन' के निदेशक प्रदीप चौरसिया के मुताबिक, महीनों पहले से होने वाली एडवांस बुकिंग के चलते होटल, परिवहन, गाइड, फोटोग्राफर और ऑटो-ई-रिक्शा चालकों को भरपूर काम मिला। टूरिज्म वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मेहता ने कहा कि धार्मिक आयोजनों को पर्यटन से जोड़ने की नीति ने स्थानीय कारोबार को नई मजबूती दी है।
कुम्हारों से लेकर गांवों तक पहुंची समृद्धि की रोशनी
घाटों पर करीब 11 लाख दीपों की सजावट ने स्थानीय आपूर्ति श्रृंखला को भी मजबूत किया। ग्राम उमराह के पारंपरिक कुम्हार लक्ष्मण प्रजापति को 30 हजार दीये बनाने का बड़ा ऑर्डर मिला, जिसे पूरा करने के लिए उन्होंने अन्य कुम्हारों को भी जोड़ा और सभी को रोजगार मिला। महिला स्वयं सहायता समूहों और तेल-बाती विक्रेताओं की भी अच्छी कमाई हुई।
इसके अलावा 'गंगे ग्राम ग्रामीण पर्यटन परियोजना' के तहत वाराणसी के साथ चंदौली और जौनपुर में भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ीं। चंदौली के बलुआ घाट पर आयोजित दो दिवसीय गंगा महोत्सव में स्थानीय निवासी अंकित जायसवाल (पूजा सामग्री), अशोक मोदनवाल (चाट) और राजेश जायसवाल (मिठाई) की दुकानों पर अच्छी बिक्री हुई। वहीं, चंद्रावती-कैथी के गौरीशंकर मंदिर, माधोपुर के शूलटंकेश्वर महादेव मंदिर और जौनपुर के रेहटी स्थित त्रिलोचन महादेव मंदिर में आयोजित दीपोत्सव व भजन-कीर्तन से स्थानीय कलाकारों, नाविकों और दुकानदारों को मंच और आजीविका मिली।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने काशी की आध्यात्मिक पहचान को वैश्विक मंच दिया है। देव दीपावली जैसे आयोजन जनभागीदारी के माध्यम से स्थानीय कारोबार, ग्रामीण हुनर और स्वरोजगार को आत्मनिर्भर बनाने का सशक्त आधार बन रहे हैं।

Comments (0)