वाराणसी। रात्रि गश्त के दौरान ड्यूटी से गैरहाजिर रहने पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने रविवार रात को क्राइम मीटिंग के दौरान 11 उपनिरीक्षकों (दरोगा), तीन मुख्य आरक्षियों और दो आरक्षियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। यह कार्रवाई कमिश्नर की विशेष टीम द्वारा रात में की गई औचक जांच के दौरान इन पुलिसकर्मियों की गैरमौजूदगी पाए जाने के बाद की गई।


सबसे अधिक पांच दरोगा लालपुर पांडेयपुर थाने में तैनात थे, जो ड्यूटी के वक्त नदारद मिले। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट किया कि लापरवाही या अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 


पुलिसकर्मियों की समस्याओं पर भी हुई चर्चा


क्राइम मीटिंग यातायात पुलिस लाइन के सभागार में आयोजित की गई थी, जहां कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक महीने थाना स्तर पर सैनिक सम्मेलन आयोजित करें। इसका उद्देश्य पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत और पेशेवर समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करना है। उन्होंने कहा कि शासन की नीतियों, डीजीपी के दिशा-निर्देशों और जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की जानकारी सिपाहियों तक भी पहुंचनी चाहिए।


साथ ही, प्रधान लिपिक कार्यालय में कर्मचारियों की समस्याओं को दर्ज करने और उनका समाधान सुनिश्चित करने के लिए एक "कर्मचारी शिकायत निवारण रजिस्टर" तैयार करने का आदेश भी दिया गया।

 


इन पुलिसकर्मियों को किया सस्पेंड


•    शिवपुर थाना: दरोगा प्रवीण सचान और आकाश सिंह

•    कैंट थाना: दरोगा आलोक कुमार, योगेंद्र नाथ मिश्रा और मुख्य आरक्षी अखिलेश यादव, राम कुमार सिंह, मनीष श्रीवास्तव

•    मंडुवाडीह थाना: दरोगा अजय त्यागी

•    लोहता थाना: दरोगा विश्वास चौहान

•    लालपुर पांडेयपुर थाना: दरोगा चंद्रेश प्रसाद, अमृत राज, किशन सोनी, सँकी प्रसाद, मनीष कुमार चौधरी और आरक्षी मनीष कुमार तिवारी

•    दशाश्वमेध थाना: आरक्षी रामचंद्र