चंदौली/वाराणसी। अगर आप आज शनिवार को पीडीडीयू नगर (मुगलसराय), पड़ाव, रामनगर या राजघाट पुल के रास्ते वाराणसी आने-जाने की योजना बना रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। 'काशी तमिल संगमम-5.0' के उद्घाटन समारोह में उपराष्ट्रपति और मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए यातायात पुलिस ने आज सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशेष रूट डायवर्जन लागू कर दिया है। जाम और असुविधा से बचने के लिए आम नागरिकों और वाहन चालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करना होगा।


आम यात्रियों और वाहन चालकों के लिए जरूरी ट्रैफिक एडवाइजरी:


  1. राजघाट पुल पर इन वाहनों की आवाजाही बंद: पड़ाव चौराहे से वाराणसी के राजघाट की तरफ जाने वाले सभी मालवाहक वाहनों, ऑटो और ई-रिक्शा के राजघाट पुल की ओर जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। वाराणसी जाने के इच्छुक इन वाहनों को अब बहादुरपुर मार्ग से होकर भेजा जा रहा है।


  1. कटेसर और कोयला मंडी में विशेष प्रतिबंध: सुबह 8 बजे से कटेसर में 'नो एंट्री' और कोयला मंडी में 'नो एग्जिट' व्यवस्था लागू कर दी गई है।


  1. पीडीडीयू नगर से पड़ाव जाने वाले ध्यान दें: इस रूट पर जाने वाले वाहनों के लिए दो वैकल्पिक रास्ते तय किए गए हैं। पहला रास्ता दुलहीपुर से मलोखर, शिवाला और रिंग रोड होकर जाएगा। वहीं, एफसीआई गोदाम तिराहे से पड़ाव की ओर जाने वाले वाहन व्यास नगर, साहूपुरी तिराहा रोड और पीएसी तिराहा होते हुए रामनगर से एनएच-19 के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।


  1. रामनगर से पड़ाव आने वाले मालवाहक वाहन: रामनगर की ओर से पड़ाव आकर दुलहीपुर और मुगलसराय की तरफ जाने वाले भारी/मालवाहक वाहनों को साहूपुरी तिराहे से व्यास नगर होते हुए एफसीआई तिराहे के रास्ते निकाला जाएगा।


  1. व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों के लिए निर्देश: यातायात पुलिस ने कोयला मंडी से पड़ाव के बीच के व्यापारियों और ट्रांसपोर्टरों से अपील की है कि वे अपने ट्रक मुख्य सड़क पर बिल्कुल न खड़ा करें। वाहनों की पार्किंग केवल सर्विस लेन या अपने कोयला गोदाम के भीतर ही करें।


यातायात सीओ कृष्णमुरारी शर्मा के अनुसार, दोपहर 3 बजे तक वीवीआईपी मूवमेंट के चलते यह व्यवस्था प्रभावी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों का सहयोग करें।