1. अस्पताल की फार्मेसियों को बताना होगा किस रेट पर खरीदी और बेची दवा, वरना लाइसेंस निरस्त


लखनऊ। अस्पताल में इलाज करा रहे मरीजों को दवाओं की कीमतों में पारदर्शिता दिलाने के लिए उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने सख्त रुख अपना लिया है। विभाग ने प्रदेश के 64 जनपदों की 381 हॉस्पिटल फार्मेसियों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें अधिकांश फार्मेसियों में नियमों की अनदेखी सामने आई। जांच के दौरान इन फार्मेसियों ने न तो अपनी सार्वजनिक वेबसाइट बनाई थी और न ही काउंटर पर उसका यूआरएल प्रदर्शित किया था। इस गंभीर लापरवाही पर औषधि निरीक्षकों ने मौके पर ही संबंधित फार्मेसी संचालकों को सख्त नोटिस थमाया है। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि सात दिन के भीतर दवाओं की खरीद-बिक्री की कीमतों का ब्योरा और वेबसाइट का यूआरएल उपलब्ध नहीं कराया गया, तो न केवल दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई जाएगी, बल्कि संबंधित फार्मेसी का लाइसेंस भी निरस्त कर दिया जाएगा।


सात दिन में जवाब न देने पर रुकेगी बिक्री


एफएसडीए के आयुक्त के 1 अक्टूबर 2026 के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए चलाए जा रहे इस विशेष अभियान में औषधि निरीक्षकों ने सख्त कार्रवाई के संकेत दिए हैं। निरीक्षण के दौरान आदेश का उल्लंघन करने वाली फार्मेसियों को दिए गए नोटिस में कहा गया है कि संचालकों को सात दिन के भीतर निर्धारित प्रारूप में सभी दस्तावेज और जानकारियां उपलब्ध करानी होंगी। चेतावनी दी गई है कि तय समयसीमा में आदेश का पालन न करने पर ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट की धारा 22(1)(डी) के तहत संबंधित फार्मेसी में दवाओं की बिक्री तत्काल प्रभाव से रोक दी जाएगी। यह प्रतिबंध तब तक लागू रहेगा, जब तक फार्मेसी संचालक आदेश के सभी प्रावधानों का पूर्ण रूप से पालन नहीं कर लेते।


4 दिसंबर तक जारी रहेगा सघन निरीक्षण अभियान


आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन डॉ. रोशन जैकब के निर्देश पर यह विशेष अभियान 4 दिसंबर 2026 तक पूरे प्रदेश में जारी रहेगा। सभी सहायक आयुक्त (औषधि) और औषधि निरीक्षकों को अपने-अपने जनपदों की सभी हॉस्पिटल फार्मेसियों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग का मुख्य फोकस उन फार्मेसियों पर है, जो अस्पताल परिसर में संचालित हैं या भर्ती (इन-पेशेंट) मरीजों को दवाएं उपलब्ध कराती हैं, क्योंकि ऐसे मरीजों के पास बाहर से दवा खरीदने का व्यावहारिक विकल्प मौजूद नहीं होता।


वेबसाइट और क्यूआर कोड पर सार्वजनिक करनी होगी पूरी जानकारी


1 अक्टूबर 2026 को जारी आदेश में ड्रग प्राइस कंट्रोल ऑर्डर-2013 का हवाला देते हुए सभी रिटेलर और डीलरों के लिए पारदर्शिता के कड़े नियम तय किए गए थे। इसके तहत प्रत्येक हॉस्पिटल फार्मेसी को अपनी सार्वजनिक वेबसाइट बनाकर उस पर फार्मेसी का नाम, लाइसेंस संख्या, लाइसेंसधारक का नाम, परिसर का पता, नियुक्त फार्मासिस्ट का नाम, रजिस्ट्रेशन नंबर, फोटो और साप्ताहिक स्टॉक का विवरण अपलोड करना अनिवार्य है। इसके साथ ही दवाओं के प्राइस टू रिटेलर (पीटीआर) और प्राइस टू कंज्यूमर (पीटीसी) की सूची को नियमित रूप से अपडेट करना होगा। मरीजों की सुविधा के लिए वेबसाइट का यूआरएल काउंटर पर प्रमुखता से प्रदर्शित करने के साथ-साथ ऐप या क्यूआर कोड के जरिए भी उपलब्ध कराना अनिवार्य किया गया है, जो निरीक्षण के दौरान नदारद मिला।


मुनाफे पर लगाम नहीं, स्व-प्रकटीकरण से मिलेगी पारदर्शिता


एफएसडीए ने यह भी साफ किया है कि इस व्यवस्था का उद्देश्य दवाओं की कीमत तय करना या अस्पताल फार्मेसियों के मुनाफे (मार्जिन) पर कोई सीमा लगाना नहीं है। यह व्यवस्था पूरी तरह स्व-प्रकटीकरण (सेल्फ-डिस्क्लोजर) पर आधारित है। इसका मकसद केवल इतना है कि मरीज और उनके तीमारदार यह जान सकें कि फार्मेसी किस कीमत पर दवा खरीद रही है और उन्हें किस कीमत पर बेच रही है, ताकि वे सोच-समझकर निर्णय ले सकें।


असामान्य कीमत अंतर और नकली दवाओं की आशंका पर भी नजर


विभाग की पिछली प्रवर्तन कार्रवाइयों में यह बात सामने आई थी कि निर्माता, मार्केटर और स्टॉकिस्ट अस्पताल फार्मेसियों को एमआरपी से काफी कम कीमत पर दवाएं उपलब्ध कराते हैं, लेकिन इस छूट का लाभ मरीजों को नहीं मिल पाता। कई मामलों में दवा की एमआरपी उसके खरीद मूल्य से कई गुना अधिक पाई गई है। अलग-अलग खरीदारों के लिए एक ही दवा की एमआरपी और मूल्य विवरण में इस तरह का असामान्य अंतर दवाओं की गुणवत्ता और प्रामाणिकता पर भी संदेह पैदा करता है। विभाग का मानना है कि खरीद और बिक्री मूल्य सार्वजनिक होने से न केवल मरीजों के आर्थिक हितों की रक्षा होगी, बल्कि संदिग्ध और नकली दवाओं के कारोबार पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।