1. बीएचयू में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया औपचारिक शुभारंभ, पुस्तिका का किया विमोचन
  2. बोले सीएम- आस्था और आर्थिकी के रास्ते अलग हो सकते हैं, लेकिन दोनों की मंजिल एक ही है


वाराणसी । सदियों से अध्यात्म और ज्ञान की राजधानी रही काशी अब आधुनिक कला और वैश्विक संवाद के प्रमुख केंद्र के रूप में अपनी नई पहचान गढ़ने जा रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में आयोजित ‘सीआईआई बनारस बिनाले-2026’ का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने आयोजन से जुड़ी पुस्तिका का विमोचन भी किया। सीएम योगी ने कहा कि बनारस बिनाले आर्थिकी और आस्था के बीच अद्भुत समन्वय का एक बेहतरीन प्रयास है। उन्होंने विश्वास जताया कि काशी की तरह ही यह आयोजन भी जीवंतता का प्रमाण बनेगा।



‘बीमारू’ से देश का ग्रोथ इंजन बना यूपी, नौ वर्षों में लगे 35 हजार बड़े कारखाने


डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जब नीयत साफ और नीति स्पष्ट हो, तो नियंता की कृपा भी बरसती है। संस्कृति और अर्थव्यवस्था एक-दूसरे के पूरक हैं और महाकुंभ इसका सबसे बड़ा उदाहरण है। कभी ‘बीमारू’ कहा जाने वाला उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है और एक रेवेन्यू सरप्लस स्टेट है। देश में सर्वाधिक दो लाख करोड़ रुपये यूपी में कैपिटल एक्सपेंडिचर पर खर्च हो रहे हैं। सीएम ने तुलनात्मक आंकड़े रखते हुए बताया कि आजादी के बाद से 2017 तक प्रदेश में केवल 14 हजार बड़े कारखाने लगे थे, जबकि 2017 से 2026 के बीच 35 हजार बड़े कारखाने स्थापित हुए हैं। पिछले साढ़े नौ वर्षों में अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति, बेहतरीन कनेक्टिविटी और इंडस्ट्रियल लैंड बैंक की बदौलत अब तक 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं।


इतिहास से भी पुरानी है काशी, पर आधुनिकता को अपनाने में कभी पीछे नहीं रही


काशी की पौराणिकता और आधुनिकता पर प्रकाश डालते हुए सीएम योगी ने मार्क ट्विन के कथन को दोहराया कि काशी इतिहास से भी पुरानी और परंपरा से भी प्राचीन है। उन्होंने भगवान धन्वंतरि, सुश्रुत की शल्य चिकित्सा, काशी के सटीक पंचांग, तुलसीदास, कबीर, प्रेमचंद, जयशंकर प्रसाद और भारतेंदु हरिश्चंद्र से लेकर सारनाथ में बुद्ध के प्रथम उपदेश तक का स्मरण किया। सीएम ने कहा कि काशी केवल परंपराओं तक सीमित नहीं है; परतंत्र भारत में 1916 में महामना द्वारा बीएचयू की स्थापना इसका प्रमाण है। 1995 में वेनिस से शुरू हुआ बिनाले 2012 में कोच्चि और अब काशी पहुंचा है। यह आयोजन बनारसी रेशम, जरी और ओडीओपी उत्पादों को वैश्विक बाजार व नया सम्मान दिलाएगा।



काशी के 84 घाट और रोपवे से लोकल इकॉनमी को मिल रही नई गति


मुख्यमंत्री ने कहा कि जब आस्था के केंद्रों का सम्मान होता है, तो पूरी स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलती है। काशी विश्वनाथ धाम, 84 घाट, गंगा आरती, नमो घाट, अलकनंदा क्रूज, रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर और जल्द शुरू होने वाला देश का पहला अर्बन रोपवे पर्यटन को नई ऊंचाई दे रहे हैं। इससे नाविकों, हस्तशिल्पियों, होटल और परिवहन से जुड़े लाखों परिवारों को रोजगार मिला है। उन्होंने बताया कि राज्य में एक जिला-एक मेडिकल कॉलेज के बाद अब एक जिला-एक विश्वविद्यालय और ‘ओडीओसी’ की दिशा में कदम बढ़ रहे हैं, जहां डेटा सेंटर, ईवी, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग और सेमीकंडक्टर सेक्टर तेजी से उभर रहे हैं।


इनकी रही प्रमुख उपस्थिति


कार्यक्रम में श्रम मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी व अवधेश सिंह, बीएचयू कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी, सीआईआई बनारस बिनाले के अध्यक्ष माधव सिंहानिया और डीजी चंद्रजीत बनर्जी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।