1. नमो घाट पर उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, सीएम योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी ने किया उद्घाटन


  1. 12 दिसंबर तक चलने वाले 15 दिवसीय आयोजन में तमिलनाडु से पहुंचे 1,400 प्रतिनिधि, ‘थिरुक्कुरल अभ्यास’ पर रहेगा जोर



वाराणसी । उत्तर और दक्षिण भारत की सदियों पुरानी सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सभ्यतागत एकता को नई ऊंचाई देने वाले 15 दिवसीय ‘काशी तमिल संगमम 5.0’ का शनिवार को नमो घाट पर भव्य आगाज हुआ। उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं बटन दबाकर इस महासमागम का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उप राष्ट्रपति ने संत तिरुवल्लुवर के प्रसिद्ध ग्रंथ ‘थिरुक्कुरल’ के अनुवादित संस्करण का भी विमोचन किया। 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक चलने वाला यह आयोजन इस वर्ष ‘थिरुक्कुरल पयिलोम–थिरुक्कुरल अभ्यास करें’ की थीम पर केंद्रित है।


यूपी बना देश की तीसरी अर्थव्यवस्था, 2047 के विकसित भारत को कोई रोक नहीं सकता: उप राष्ट्रपति


समारोह को ‘भारत माता की जय’ के उद्घोष के साथ संबोधित करते हुए उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि दुनिया की आध्यात्मिक राजधानी काशी के कण-कण में शिव बसते हैं। तमिलनाडु के हर व्यक्ति के मन में काशी यात्रा और बाबा विश्वनाथ के दर्शन की कामना रहती है। उन्होंने महाकवि सुब्रमण्यम भारती और सदियों पहले काशी आकर यहां के निर्यात को बढ़ावा देने वाले तमिल बुनकरों का स्मरण किया।



मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अपनी 28 वर्षों की मित्रता और 1999 के संसदीय कार्यकाल को याद करते हुए उप राष्ट्रपति ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश अपने पतन से निकलकर विकास के शिखर को छू रहा है और देश की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में यूपी का योगदान 9 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने अयोध्या की छोटी दीपावली का उल्लेख करते हुए कहा कि सीएम योगी के प्रयासों से प्रदेश में वास्तविक ‘रामराज्य’ स्थापित हुआ है, जहां हर गली में महिलाएं निर्भीक होकर चल सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सभी वैश्विक मंचों पर डंके की चोट पर तमिल संस्कृति को भारत का गौरव बताते हैं। 2047 के विकसित भारत के लक्ष्य को कोई रोक नहीं सकता, लेकिन हमें अपनी योग, आयुर्वेद और ज्ञान परंपरा को साथ लेकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुरूप जल्द ही गंगा और कावेरी का भी संगम साकार होगा।


गंगा और तमिल की धारा मिलने से आगे बढ़ती है सनातन संस्कृति: सीएम योगी


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘वणक्कम तमिलनाडु-वणक्कम काशी’ के उद्घोष के साथ अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से शुरू हुआ यह संगमम आज भारत की सनातन परंपरा का उत्सव बन गया है। संत तिरुवल्लुवर के छंद संपूर्ण मानव सभ्यता का मार्गदर्शन करते हैं, जिनमें धर्म, अर्थ और काम का सार निहित है।



सीएम योगी ने ऐतिहासिक तथ्यों को रेखांकित करते हुए कहा कि 15वीं शताब्दी में पांड्य साम्राज्य ने काशी विश्वनाथ मंदिर के निर्माण में योगदान दिया था। आज भी काशी के केदार घाट और हनुमान घाट को ‘काशी का तमिल’ कहा जाता है। उन्होंने बताया कि काशी को नई अर्थव्यवस्था का इंजन बनाने के लिए ज्ञान, अध्यात्म, कनेक्टिविटी और हेरिटेज के चार स्तंभों पर काम हो रहा है। इंटरनेशनल एयरपोर्ट, रिंग रोड के बाद अब देश की पहली अर्बन रोपवे परियोजना काशी को नया आयाम देगी। एक हजार शिक्षण संस्थानों को जोड़कर राष्ट्रीय शैक्षिक कार्यक्रम भी संचालित किया जा रहा है।


विष्णु पुराण और आदि शंकराचार्य से जुड़ा है काशी-रामेश्वरम का नाता: प्रहलाद जोशी


इससे पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री प्रहलाद जोशी ने उप राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए कहा कि वह तमिलनाडु से आने वाले देश के तीसरे उप राष्ट्रपति हैं। उन्होंने साढ़े नौ वर्षों में यूपी में कानून का राज स्थापित करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की। जोशी ने कहा कि काशी और रामेश्वरम का संबंध पांच हजार वर्ष पुराने विष्णु पुराण में वर्णित है, जिसे आदि शंकराचार्य ने चारों दिशाओं में पीठों की स्थापना कर और सुदृढ़ किया। वहीं, भारतीय भाषा समिति के अध्यक्ष सामू कृष्ण शास्त्री ने कहा कि यह आयोजन वाराणसी और रामेश्वरम के प्राचीन सांस्कृतिक आधार को नई मजबूती दे रहा है।


सात समूहों में आए 1,400 प्रतिनिधि, बीएचयू में होंगे विशेष सत्र


इस वर्ष तमिलनाडु से लगभग 1,400 प्रतिनिधि सात अलग-अलग समूहों में भाग ले रहे हैं। इनमें विद्यार्थी, शिक्षक, लेखक, मीडिया कर्मी, किसान, कारीगर, पेशेवर, महिलाएं और आध्यात्मिक क्षेत्र से जुड़े लोग शामिल हैं। बीएचयू में इन समूहों के लिए विशेष शैक्षणिक सत्र आयोजित होंगे और तीन शहरों में 50 शिक्षक थिरुक्कुरल का ज्ञान देंगे। प्रतिनिधिमंडल को वाराणसी के साथ-साथ प्रयागराज और अयोध्या के आध्यात्मिक व ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाएगा। नमो घाट पर लगी प्रदर्शनी का भी अतिथियों ने अवलोकन किया।



बाबा विश्वनाथ और कालभैरव के दरबार में लगाई हाजिरी


उद्घाटन समारोह से पूर्व उप राष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काशी के कोतवाल कालभैरव मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया। विश्वनाथ धाम में मुख्यमंत्री ने उप राष्ट्रपति को अंगवस्त्रम, रुद्राक्ष की माला और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।



इनकी रही प्रमुख उपस्थिति


कार्यक्रम में प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, स्टाम्प मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल, आयुष मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, एमएसएमई राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा, शिक्षा सचिव दीप्ति मुखर्जी, बीएचयू के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी और आईआईटी मद्रास के निदेशक प्रो. वी. कामकोटि सहित अनेक जनप्रतिनिधि व शिक्षाविद मौजूद रहे। देशभर के कई शिक्षण संस्थान वर्चुअल माध्यम से इस आयोजन से जुड़े।