
Prayagraj: एक्टर सलमान खान को धमकाने वाले कुख्यात अपराधी शेरा ने चकिया के रहने वाले एक युवक से दस लाख रुपए की रंगदारी मांगी है। आरोप है कि उसने युवक की पहले लात-घूंसे से जमकर पिटाई की और जान से मारने की नियत से फायरिंग भी की। प्रयागराज जनपद के करेली थाने की पुलिस ने शेरा और उसके तीन साथियों के खिलाफ रंगदारी, हत्या के प्रयास समेत विभिन्न संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शेरा कुख्यात अपराधी है। दो साल पहले भी उसने मोबाइल पर गाली गलौज कर उसे जान से मारने की धमकी दी थी। इतना ही नहीं, उसने अपने आप को माफिया अतीक अहमद का खास बताकर बम से हमला करने व हत्या की धमकी दी थी। उसने अपना संबंध अंडरवर्ल्ड के डॉन छोटा शकील से होने की बात भी कही थी। जिसकी रिकॉर्डिंग मौजूद है।

Prayagraj: पैर पकड़कर माफ़ी मांगने पर मांगी रंगदारी
युवक ने पुलिस को बताया कि 10 नवंबर को वह घर से दोपहर के समय मस्जिद जा रहा था, तभी नाले के पास शेरा अपने तीन साथियों संग आ गया। इसके बाद वह गाली देते बोला – तुझे पहले ही आगाह किया था कि दिखाई मत देना वरना जान से मार दूंगा। विरोध करने व पुलिस से शिकायत की बात कहने पर उसने अपने तमंचे से फायर करने की कोशिश की।
गनीमत रही कि फायर मिस हो गया, वरना कुछ भी अनहोनी हो सकती थी। इसके बाद उसने युवक लात घूंसों से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। पैर पकड़कर माफ़ी मांगने पर दस लाख की रंगदारी मांगी। डीसीपी नगर (Prayagraj) दीपक भूकर ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश की जा रही है।

गौरतलब है कि करेली पुलिस (Prayagraj) ने जिस शेरा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वह शाहगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है। उस पर रंगदारी मांगने से लेकर बमबाजी, हत्या के प्रयास समेत कई गंभीर धाराओं में 38 मुकदमे दर्ज हैं। पांच साल पहले सलमान खान को धमकी देने के मामले में उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। तब उसका नाम चर्चा में आया था। इस मामले में मुंबई पुलिस उसे गिरफ्तार कर ले गई थी।
जमानत पर छूटने के बाद उसने प्रयागराज (Prayagraj) में ताबड़तोड़ वारदातों को अंजाम दिया। एक बार उसे गोली भी लगी और वह गिरफ्तार कर जेल भी भेजा गया था। उसके खिलाफ गुंडा एक्ट की भी कार्रवाई की गई। जिसके बाद वह घर छोड़कर फरार है। पुलिस उसकी तलाश में उसके कई ठिकानों पर दबिश दे रही है।
लगातार अपडेट्स के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें, यहां क्लिक करें