कफ सिरप तस्करी कांड: दुबई में शुभम को पनाह देने वाला गोरखपुर का दवा व्यापारी रडार पर, वरुण के नेपाल भागने की आशंका

https://admin.thefrontfaceindia.in/uploads/94946538_shubham_jaiswal.jpg

लखनऊ। प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप सिंडिकेट के सरगना शुभम जायसवाल और उसके नेटवर्क पर जांच एजेंसियों का शिकंजा और कसता जा रहा है। जांच में खुलासा हुआ है कि विदेश भागने के बाद शुभम अपने मौसेरे भाई गौरव जायसवाल के साथ संयुक्त अरब अमीरात (दुबई) में गोरखपुर के एक बड़े दवा व्यापारी के होटल में काफी समय तक ठहरा हुआ था। आरोप है कि यह व्यापारी दोनों को वहां हर तरह की रसद और लॉजिस्टिक सहायता मुहैया करा रहा है।

 

 

जांच एजेंसियों के अनुसार, कफ सिरप के अवैध कारोबार की वित्तीय कड़ियों और विदेशी संपर्कों की पड़ताल के दौरान इस कारोबारी की भूमिका उजागर हुई। उक्त दवा व्यवसायी का नाम पहले भी नशीली औषधियों की अवैध खरीद-फरोख्त के एक मामले में सामने आ चुका है। एजेंसियां अब यह जांचने में जुटी हैं कि उसने आरोपियों को केवल ठहरने की सुविधा दी थी या सिंडिकेट की काली कमाई को खपाने और वित्तीय मदद में भी उसकी प्रत्यक्ष संलिप्तता रही है। पुख्ता सबूत हाथ लगते ही उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

 

 

दूसरी ओर, इसी गिरोह के अहम सदस्य वरुण सिंह की तलाश में छापेमारी तेज कर दी गई है। पूर्व में वरुण के भी दुबई में छिपे होने का अनुमान था, लेकिन पड़ताल में यह तथ्य सामने आया कि वह भारत लौट चुका था और अब उसके सीमा पार कर नेपाल भागने की प्रबल संभावना है। जांच दल उसके परिजनों और नजदीकी संपर्कों से पूछताछ कर सुराग जुटा रहे हैं। अधिकारियों का मानना है कि वरुण की गिरफ्तारी से इस अंतरराज्यीय नेटवर्क के कई अनसुलझे राज बेपर्दा होंगे।

 

इसे भी पढ़ें

Latest News