‘धुरंधर-2’ के बाद एक्टिव हुआ अतीक गिरोह, गुड्डू मुस्लिम के गुर्गों ने गिट्टी-बालू कारोबारी पर किया जानलेवा हमला, 50 लाख की संपत्ति पर कब्जे की कोशिश

https://admin.thefrontfaceindia.in/uploads/1282674428_atiq-gang-active-after-dhurandhar-2.jpg

प्रयागराज। जिले में एक बार फिर अपराध जगत की हलचल तेज होती नजर आ रही है। उमेश पाल हत्याकांड के बाद से फरार चल रहे माफिया अतीक अहमद के करीबी गुड्डू मुस्लिम का नाम एक नई वारदात में सामने आने से पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। आरोप है कि गुड्डू मुस्लिम के इशारे पर उसके गुर्गे शहर में सक्रिय होकर अवैध वसूली और जमीन कब्जाने जैसी गतिविधियों को अंजाम दे रहे हैं।

 

ताजा मामला धूमनगंज थाना क्षेत्र के नंदग्राम इलाके का है, जहां शनिवार सुबह एक ठेकेदार पर बीच सड़क हमला कर दिया गया। पीड़ित फैसल, जो कसारी-मसारी का निवासी और गिट्टी-बालू का कारोबारी है, अपनी जमीन से जुड़े काम के सिलसिले में वहां पहुंचा था। इसी दौरान थार गाड़ी से आए कुछ दबंगों ने उसे घेर लिया और अचानक हमला बोल दिया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने फैसल को सड़क पर दौड़ाकर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, उन्होंने खुलेआम धमकी दी कि अगर उसने अपनी जमीन उनके नाम नहीं की, तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग सहम गए।

 

पीड़ित फैसल का आरोप है कि हमलावर सीधे तौर पर गुड्डू मुस्लिम से जुड़े हुए हैं और उसके नाम पर शहर में अवैध वसूली का नेटवर्क चला रहे हैं। फैसल के अनुसार, ऐनुद्दीनपुर स्थित उसकी करीब 50 लाख रुपये की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। उसने यह भी दावा किया कि इन गुर्गों द्वारा वसूली गई रकम गुड्डू मुस्लिम तक पहुंचाई जाती है, जिससे उसकी फरारी का खर्च चलाया जा रहा है।

 

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। पीड़ित की तहरीर पर अफजल, आलम, अकरम, अक्सान और अंजफ समेत पांच लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं।

 

गौरतलब है कि उमेश पाल हत्याकांड के बाद से गुड्डू मुस्लिम पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित है और वह अब तक पुलिस की गिरफ्त से दूर है। लगातार बदलती लोकेशन और नेटवर्क के सहारे वह कानून से बचता फिर रहा है। यह नई घटना पुलिस के लिए एक नई चुनौती बन गई है। पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि गुड्डू मुस्लिम का नेटवर्क अभी भी कितनी मजबूती से सक्रिय है।

इसे भी पढ़ें

Latest News