बरेली। जनपद के सीबीगंज थाना क्षेत्र में पहचान छिपाकर एक महिला के साथ दुष्कर्म और धर्मांतरण के दबाव का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़िता की बहन की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद से गांव में दो समुदायों के बीच स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
छद्म नाम से बनाया संबंध, फिर किया यौन शोषण
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, आरोपी अपनी असली पहचान छिपाकर 'आनंद' नाम से एक विधवा महिला के घर अक्सर आता-जाता था। आरोप है कि जब महिला की बहन घर में अकेली थी, तब आरोपी ने घर में घुसकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने पीड़िता की अश्लील वीडियो भी बना ली और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी अब तक महिला से 39 हजार रुपये की वसूली भी कर चुका है।
नमाज पढ़ते पकड़े जाने पर खुला राज
मामले में मोड़ तब आया जब पीड़िता ने आरोपी को घर के भीतर नमाज पढ़ते हुए देख लिया। विरोध करने पर आरोपी ने खुलासा किया कि उसका असली नाम इकरार है। आरोप है कि उसने महिला पर धर्म परिवर्तन करने का भी दबाव बनाया। जब पीड़िता ने यह बात अपनी बहन को बताई, तो शुरुआती दौर में विवाद की स्थिति बनी, लेकिन बाद में सच्चाई सामने आने पर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।
ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस ने की कार्रवाई
गत 12 मार्च को जब आरोपी दोबारा घर पहुंचा, तो स्थानीय लोगों ने उसे संदिग्ध हालत में पकड़ लिया। सांप्रदायिक संवेदनशीलता को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
"पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी आनंद उर्फ इकरार के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात बरती जा रही है।"
— प्रदीप चतुर्वेदी, थाना प्रभारी, सीबीगंज