नई दिल्ली/अमृतसर। बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित घर पर फायरिंग करने की एक बड़ी साजिश का दिल्ली पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने पंजाब के दो शार्पशूटर्स जालंधर निवासी विकास ठाकुर और तरनतारन के रहने वाले दीपक सिंह को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी विदेश में छिपे एक कुख्यात गैंगस्टर के इशारे पर काम कर रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विदेशी गैंगस्टर 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े एक कथित बयान को लेकर अमिताभ बच्चन से नाराज था और इसी कारण उन्हें निशाना बनाना चाहता था। हालांकि, अमिताभ बच्चन पूर्व में ही ऐसे किसी भी बयान को देने से साफ इनकार कर चुके हैं।
दोनों शूटरों को मिले थे अलग-अलग टारगेट
- अमिताभ बच्चन के बंगले पर फायरिंग की जिम्मेदारी: गिरफ्तार आरोपी दीपक सिंह 3 अक्टूबर को अमृतसर में हुई इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में फरार चल रहा था (इस केस में उसका साथी पलविंदर सिंह उर्फ काका पहले ही पंजाब पुलिस द्वारा पकड़ा जा चुका है)। पूछताछ में खुलासा हुआ कि गैंगस्टर ने दीपक को लंबे समय तक मुंबई में रुकने का निर्देश दिया था, ताकि वह मौका देखकर अमिताभ बच्चन के घर के बाहर गोलीबारी कर सके।
- दिल्ली के व्यापारी से रंगदारी वसूली: दिल्ली पुलिस के डीसीपी नारा चैतन्य ने जानकारी दी कि जालंधर के न्यू गांधी नगर निवासी विकास ठाकुर को खास तौर पर मुंबई से दिल्ली भेजा गया था। उसका मकसद राजधानी के एक कारोबारी पर फायरिंग कर उससे रंगदारी वसूलना था। इस वारदात में दीपक को भी उसका साथ देना था, लेकिन पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए पहले दिल्ली में विकास को दबोचा और फिर उसकी निशानदेही पर मुंबई में छापेमारी कर दीपक को भी गिरफ्तार कर लिया।
1984 के दंगों और पुराने आरोपों का संदर्भकुछ सिख संगठनों और दंगों की एक गवाह जगदीश कौर ने यह दावा किया था कि 31 अक्टूबर 1984 को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली के एम्स अस्पताल के बाहर अमिताभ बच्चन ने भीड़ को भड़काने वाले नारे लगाए थे। आरोप था कि दूरदर्शन के लाइव प्रसारण में उन्होंने 'खून का बदला खून' जैसे भड़काऊ शब्द कहे थे। लेकिन, इस कथित वीडियो का कोई आधिकारिक प्रमाण कभी सामने नहीं आया। अक्टूबर 2014 में 'सिख्स फॉर जस्टिस' ने इस मामले को लेकर लॉस एंजिल्स की अदालत में एक दीवानी मुकदमा भी दायर किया था, जिसे बच्चन ने कानूनी तौर पर खारिज किया। भारत की किसी भी जांच एजेंसी ने उन्हें कभी इस मामले में दोषी या आरोपी नहीं माना।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां और बॉलीवुड पर हमलेहाल के दिनों में अमिताभ बच्चन और अन्य फिल्मी हस्तियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ी है:
- बंगले को बम से उड़ाने की धमकी: 6 नवंबर को अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने की धमकी भरा एक ईमेल प्राप्त हुआ था। इससे पूर्व 23 अक्टूबर को मुंबई की मेयर रितु तावड़े को भेजे गए एक ईमेल में भी 'जलसा' को निशाना बनाने की बात कही गई थी।
- दिलजीत दोसांझ को भी चेतावनी: 23 अक्टूबर के उसी ईमेल में 1984 के दंगों का हवाला देते हुए गायक-अभिनेता दिलजीत दोसांझ को भी धमकी दी गई थी। ईमेल में लिखा था कि चूंकि दिलजीत ने अमिताभ बच्चन के पैर छुए थे, इसलिए 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में आत्मघाती हमले के जरिए उन्हें भी निशाना बनाया जाएगा। इसके बाद मुंबई पुलिस और बम निरोधक दस्ते ने बीएमसी मुख्यालय में सघन तलाशी अभियान चलाया था।
- टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी: इससे पहले 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर उस समय फायरिंग की गई थी, जब वे फुटबॉल खेलकर लौट रहे थे। इस हमले में टाइगर बाल-बाल बच गए थे, हालांकि उनका ड्राइवर और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए थे। पुलिस इस मामले में अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।