पहचान छिपाकर पांच साल पहले मंदिर में रचाई शादी, फिर धर्म बदलने से इंकार करने पर पत्नी की गर्दन पर कैंची से किया जानलेवा हमला

https://admin.thefrontfaceindia.in/uploads/408877867_kanpur-man-attacks-wife-with-scissors-over-religious-conversion.jpg

कानपुर: शहर के रेलबाजार थाना क्षेत्र में पहचान छिपाकर एक युवती से मंदिर में विवाह करने और फिर उस पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि जब महिला ने धर्मांतरण से साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी पति ने उसकी गर्दन पर कैंची से जानलेवा हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि उसके परिवार के अन्य नामजद सदस्यों की तलाश की जा रही है।

 

 

धोखे से की शादी, बेटे के जन्म के बाद कानपुर लाकर की दरिंदगी

 

 

 रेलबाजार पुलिस के मुताबिक, रावतपुर की रहने वाली पीड़िता ने सुजातगंज निवासी मोहम्मद कलीम पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। महिला का कहना है कि करीब पांच साल पहले कलीम ने अपनी असली पहचान और धर्म छिपाकर उसका विश्वास जीता और एक मंदिर में उससे शादी कर ली। विवाह के कुछ समय बाद ही उसने महिला पर धर्म बदलने का दबाव बनाना शुरू कर दिया और विरोध करने पर उसके साथ बेरहमी से मारपीट करता था।

 

 

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान बीते 2 सितंबर को उसने एक बेटे को जन्म दिया। इसके बाद 10 नवंबर 2026 को कलीम उसे अपने माता-पिता के साथ रखने की बात कहकर नोएडा से कानपुर के सुजातगंज स्थित अपने घर ले आया। यहां पहुंचते ही उस पर फिर से धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाया जाने लगा।

 

 

ससुराल वालों ने की मारपीट, पति ने कैंची से रेता गला

 

 

महिला का आरोप है कि जब उसने धर्म बदलने से मना किया, तो पति कलीम के साथ उसके पिता सलीम, मां जहांआरा, बहन नाजरीन और छोटे भाई अलीम ने मिलकर उसकी पिटाई की। इसी विवाद के बीच कलीम ने पास रखी कैंची उठाकर पीड़िता की गर्दन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

 

 

सीओडी ओवरब्रिज के पास से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 

 

इस पूरे प्रकरण पर रेलबाजार थाना प्रभारी अमान सिंह ने जानकारी दी कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर पति समेत कुल पांच ससुरालियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस टीम ने गुरुवार को सीओडी ओवरब्रिज के पास से मुख्य आरोपी मोहम्मद कलीम को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

 

 

रावतपुर में भी नाबालिग को धर्मांतरण व जबरन निकाह की धमकी

 

उधर, शहर के रावतपुर क्षेत्र से भी धर्मांतरण की धमकी से जुड़ा एक अन्य मामला सामने आया है। यहां एक विधवा महिला ने मोहल्ले के ही एक शादीशुदा युवक पर अपनी नाबालिग बेटी को प्रेमजाल में फंसाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की मां के अनुसार, उनके पति का देहांत हो चुका है और घर में एक बेटा व नाबालिग बेटी है। दो बच्चों का पिता होने के बावजूद आरोपी युवक उनकी बेटी पर धर्म परिवर्तन कर जबरन निकाह करने का दबाव बना रहा है और इनकार करने पर धमकी दे रहा है। रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि शिकायत की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

 

इसे भी पढ़ें

Latest News