वाराणसी। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर आध्यात्मिक नगरी काशी भक्ति रस में डूबी नजर आई जब श्रीमानस मण्डल, चौखम्भा वाराणसी के 17वें वार्षिकोत्सव का आयोजन चैत्र पूर्णिमा के पावन अवसर पर बड़े ही श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ किया गया। यह आयोजन सिर्फ एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं बल्कि श्रद्धा, संस्कृति और सनातन परंपराओं की जीवंत झांकी बन गया, जिसने शहरवासियों के मन को गहराई से छू लिया।
वार्षिकोत्सव की शुरुआत सुबह एक भव्य शोभायात्रा के साथ हुई, जो परम पूज्य श्री श्री १००८ तैलंग स्वामी मठ से प्रारंभ होकर चौखंभा, ठठेरी बाजार, चौक, नीचीबाग और बुलानाला होते हुए मुकुंद विलास रामघाट पर संपन्न हुई। यह यात्रा नगरवासियों के लिए श्रद्धा और भक्ति की एक अद्वितीय अनुभूति बनकर सामने आई। शोभायात्रा में महिला मंडल, युवक मंडल, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भजन-कीर्तन, मंत्रोच्चारण और ढोल-नगाड़ों की मधुर ध्वनि ने पूरे मार्ग को आध्यात्मिकता की सुरम्य छाया में ढंक दिया।
शाम के समय सूतटोला स्थित मुकुन्द विलास परिसर में ज्योति प्रज्वलन कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। 4:30 बजे से शुरू हुए इस कार्यक्रम में श्री गणेश, श्रीराम दरबार, श्री हनुमान, श्री शंकर, बाबा तैलंग स्वामी, मां दुर्गा एवं श्री कृष्ण जी की भव्य झांकी फूलों से सजाई गई। भक्तों के लिए यह दृश्य आस्था से सराबोर करने वाला रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सौरभ उपाध्याय द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना "गजानंद महाराज हम कीर्तन में तुम्हें बुलाते हैं" से हुई। इसके बाद संस्था के अध्यक्ष परशुराम उपाध्याय ने भावपूर्ण भजन "एक यह भी है मां, एक वह भी है मां" के माध्यम से श्रद्धालुओं की भावनाओं को छू लिया। नीलेश अग्रवाल ने गुरु वंदना प्रस्तुत की और फिर मंडल के भैयालाल त्रिपाठी, रमेश चौरसिया, अजय अग्रवाल, सौरभ उपाध्याय समेत अन्य सदस्यों ने रामधुन की गूंज से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
मुख्य आकर्षण संगीतमय सुन्दरकाण्ड पाठ रहा, जिसमें संगीत के सुरों और हनुमानजी की महिमा ने श्रोताओं को भावविभोर कर दिया। इसके पश्चात देर रात तक भजनों की अविरल धारा बहती रही, जिसमें अनिल राज, रवि प्रजापति, विक्की द्रविड़, प्रभु विशाल, पीयूष, सरस्वती, शुभम सहित अनेक कलाकारों ने अपनी मधुर प्रस्तुति दी और भक्तों को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।
इस शुभ अवसर पर विनोद कुमार सेठ, जय नारायण सिंह, अजय अग्रवाल, निलेश अग्रवाल, अनुराग अग्रवाल, आदित्य अग्रवाल, लालचंद चौरसिया, अमित शर्मा सहित मंडल के सभी सदस्य उपस्थित रहे। अंत में संस्था के अध्यक्ष परशुराम उपाध्याय ने सभी श्रद्धालुओं, आगंतुकों, कलाकारों और मंडल के सदस्यों का धन्यवाद ज्ञापित कर आयोजन को सफल बनाने हेतु आभार प्रकट किया।