चंदौली जनपद के बलुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवपुर (पपैरा) गांव में बुधवार देर रात एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में तब्दील हो गया जब एक महिला ने पुलिस कांस्टेबल दूल्हे पर वर्षों तक शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगा दिया। महिला ने यह भी दावा किया कि आरोपी से उसका एक चार वर्षीय पुत्र भी है। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जिससे विवाह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और खुशी का माहौल पलभर में तनाव में बदल गया।
घटना के अनुसार, सकलडीहा थाना क्षेत्र के पदुमनाथपुर गांव से बारात शिवपुर गांव में आई थी। शादी की रस्में तय कार्यक्रम के अनुसार चल रही थीं। जयमाल हो चुकी थी और मंडप में सिंदूरदान की तैयारी हो रही थी। तभी एक महिला महिला पुलिस टीम के साथ विवाह स्थल पर पहुंची और दूल्हे अंगद राय पर सार्वजनिक रूप से यौन शोषण और धोखा देने का आरोप लगाने लगी। महिला का दावा है कि वह दूल्हे की रिश्ते में चाची लगती है।
निर्मला देवी नाम की पीड़िता ने आरोप लगाया कि अंगद राय ने उसे शादी का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाए और इसी संबंध से उसे एक बेटा भी है, जिसकी उम्र चार वर्ष है। लेकिन अब जब वह दूसरी लड़की से विवाह करने जा रहा था, तब उसने न्याय की मांग करते हुए विवाह रुकवाने की ठानी।
महिला की तहरीर पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दूल्हे अंगद राय को हिरासत में ले लिया। जांच में सामने आया कि अंगद राय चंदौली पुलिस विभाग में कांस्टेबल के पद पर तैनात है और उसे यह नौकरी अपने पिता की मृत्यु के बाद मृतक आश्रित कोटे से मिली थी।
दूल्हे की गिरफ्तारी की खबर जैसे ही बारातियों और ग्रामीणों को लगी, वहां मौजूद लोग स्तब्ध रह गए। पूरे आयोजन में हड़कंप मच गया और वधु पक्ष पूरी तरह सकते में आ गया। कार्यक्रम स्थल पर मातमी सन्नाटा पसर गया।
इस पूरे मामले में सीओ सकलडीहा रघुराज सिंह ने बताया कि पीड़िता की ओर से प्राप्त लिखित शिकायत के आधार पर अंगद राय के खिलाफ आवश्यक धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और उसे जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।