पुष्पा-2 की स्क्रीनिंग में भगदड़ में महिला की मौत मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। हैदराबाद की एक अदालत ने एक्टर अल्लू अर्जुन को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा। इसके बाद अभिनेता को तेलंगाना हाईकोर्ट से जमानत मिल गई। शुक्रवार दोपहर 12 बजे उनके घर से गिरफ्तारी के बाद उन्हें शाम 4 बजे अदालत में पेश किया गया था।
प्रकरण के मुताबिक, 4 दिसंबर को हैदराबाद के संध्या थिएटर में ‘पुष्पा-2’ की स्क्रीनिंग के दौरान अल्लू अर्जुन अचानक पहुंचे, जिसकी सूचना पहले से नहीं दी गई थी। उनकी उपस्थिति की खबर सुनकर भारी संख्या में प्रशंसक थिएटर के बाहर जमा हो गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि भीड़ को नियंत्रित करने में असमर्थ पुलिस को हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा। इसी दौरान भगदड़ मचने से कई लोग घायल हो गए, और दम घुटने से एक रेवती नामक महिला की मौत हो गई।
इस घटना के बाद, थिएटर प्रबंधन, अल्लू अर्जुन और उनकी सुरक्षा टीम पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज किया गया। अभिनेता पर बीएनएस की धारा 105 और 118 (1) के तहत गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज किया गया।
अल्लू अर्जुन ने किया था शोक व्यक्त, आर्थिक मदद का किया था वादा
घटना के बाद, अल्लू अर्जुन ने महिला की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया और मृतका के परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। उन्होंने मृतका के पति से मुलाकात कर 25 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का वादा भी किया। हालांकि, उन्होंने अपनी गिरफ्तारी के तरीके पर नाराजगी जाहिर की। उनका दावा है कि पुलिस ने उन्हें नाश्ता खत्म करने और कपड़े बदलने का भी समय नहीं दिया।
Deeply heartbroken by the tragic incident at Sandhya Theatre. My heartfelt condolences go out to the grieving family during this unimaginably difficult time. I want to assure them they are not alone in this pain and will meet the family personally. While respecting their need for… pic.twitter.com/g3CSQftucz
— Allu Arjun (@alluarjun) December 6, 2024
एक वायरल वीडियो में, अल्लू अर्जुन को उनके घर से निकलते हुए देखा गया, जहां उनका नौकर उन्हें चाय और पानी देता है। इस दौरान उनकी पत्नी स्नेहा रेड्डी भी मौजूद थीं। अभिनेता ने उन्हें समझाने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई।
थिएटर प्रबंधन और पुलिस के आरोप-प्रत्यारोप
थिएटर प्रबंधन ने दावा किया है कि उन्होंने अल्लू अर्जुन के प्रीमियर पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस को पहले ही सूचना दी थी। लेकिन, पुलिस ने कोई इंतजाम नहीं किए। दूसरी ओर, पुलिस का कहना है कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली थी।
वरुण धवन ने अल्लू अर्जुन का किया समर्थन
अल्लू अर्जुन की गिरफ्तारी पर अभिनेता वरुण धवन ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "हर चीज़ के लिए एक अभिनेता को दोषी नहीं ठहराया जा सकता। यह घटना बहुत दुखद है, और मैं शोक व्यक्त करता हूं। लेकिन किसी एक इंसान को इसके लिए पूरी तरह से जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।"
कैसे बिगड़ी स्थिति?
घटना के दिन अल्लू अर्जुन के बिना पूर्व सूचना दिए थिएटर में पहुंचने से प्रशंसकों की भारी भीड़ जमा हो गई। उनकी एक झलक पाने के लिए लोग थिएटर में घुसने की कोशिश करने लगे। इससे स्थिति अनियंत्रित हो गई। भारी भीड़ के कारण कुछ लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का लाठीचार्ज किया और बेहोश हुए लोगों को अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने इनमें से एक महिला को मृत घोषित कर दिया।
FIR रद्द करने को हाईकोर्ट में याचिका
अल्लू अर्जुन ने घटना से जुड़े एफआईआर को रद्द करने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की। इसके बाद कोर्ट ने इस मामले में सुनवाई करते हुए अभिनेता को जमानत दे दी।
गिरफ्तारी के बाद, अल्लू अर्जुन को मेडिकल चेकअप के लिए उस्मानिया अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान उनके ससुर पुलिस स्टेशन पहुंचे। हालांकि अब हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद एक्टर ने राहत की सांस ली है।