15 मिनट के ड्रोन शो में उकेरी जाएंगी विभिन्न आकृतियां, 'शिव तांडव' से 'गंगा अवतरण' तक दिखेगी दिव्यता
काशी की देव दीपावली में पहली बार दिखेगा तकनीक का वैभव, 15 मिनट तक आसमान में गूंजेगी शिव महिमा
देव दीपावली पर ड्रोन शो बढ़ाएगा काशी का वैभव- जयवीर सिंह
वाराणसी। काशी की देव दीपावली इस बार आसमान में भी आस्था और अध्यात्म के रंग बिखेरेगी। गंगा घाटों पर पहली बार लाखों दीपों की जगमगाहट के बीच 2,100 स्वदेशी ड्रोन आसमान में भगवान भोलेनाथ, शिव तांडव, गंगा अवतरण और काशी विश्वनाथ की भव्य आकृतियां उकेरेंगे। करीब 15 मिनट का यह हाईटेक शो संगीत और आवाज के समन्वय से देव दीपावली के पौराणिक वैभव को जीवंत करेगा। उत्तर पर्यटन विभाग ने 24 नवंबर को होने वाले इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्वरूप देने की भव्य तैयारियां की हैं।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 'मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में वाराणसी के राजघाट से नमो घाट तक लाखों दीपों की रोशनी के बीच देव दीपावली का भव्य आयोजन होगा। इस बार 2,100 स्वदेशी ड्रोन आसमान में पौराणिक प्रसंगों को साकार कर उत्सव की दिव्यता को विस्तार देंगे। आध्यात्मिक महत्ता और काशी की विरासत पर आधारित 15 मिनट की इस प्रस्तुति में 15 विशेष ड्रोन फॉर्मेशन नजर आएंगे। थ्री-डी एनिमेशन से तैयार आकृतियों को थीम आधारित संगीत और हिंदी वॉयस ओवर के साथ इस तरह संयोजित किया जाएगा कि गंगा के आकाश में एक के बाद एक मनमोहक दृश्य उभरेंगे। इसका मुख्य आयोजन 24 नवंबर को होगा।
'शिव तांडव', 'मां विशालाक्षी', 'बाबा कालभैरव' की आकृतियां
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 'ड्रोन शो की थीम ‘देव दीपावली’ पर आधारित होगी। इसमें भगवान शिव, महेश्वर सूत्र, संगीतमय शिव तांडव और मां गंगा के अवतरण के दृश्य काशी के आसमान में साकार होंगे। साथ ही काशी विश्वनाथ मंदिर, मां विशालाक्षी और बाबा कालभैरव की दिव्य आकृतियां भी दर्शकों को आकर्षित करेंगी। प्रस्तुति के माध्यम से काशी की आध्यात्मिक विरासत के साथ उत्तर प्रदेश सरकार और पर्यटन विभाग के लोगो को भी प्रदर्शित किया जाएगा।'
आस्था और परंपरा का अनुपम पर्व है देव दीपावली
देवताओं की दीपावली' के नाम से विख्यात यह पर्व कार्तिक पूर्णिमा को वाराणसी में मनाया जाता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में विगत वर्षों में वाराणसी की देव दीपावली को भव्य स्वरूप दिया गया है।
दीपावली के 15 दिन बाद पड़ने वाले इस उत्सव का विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। मां गंगा के सम्मान में होने वाला दीपदान आस्था का अनुपम दृश्य प्रस्तुत करता है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर स्वर्ग से देवी-देवता धरती पर उतरकर मां गंगा में स्नान करते हैं। इसी विश्वास के चलते इसे देवताओं का प्रकाश पर्व भी कहा जाता है। इस वर्ष देव दीपावली 24 जनवरी को मनाया जा रहा है।
देव दीपावली में दिखेगा तकनीक का साथ- अमृत अभिजात
अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य विभाग अमृत अभिजात ने बताया कि 'काशी की देव दीपावली आस्था, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के संगम का वैश्विक उत्सव बन चुकी है। इस वर्ष 2,100 स्वदेशी ड्रोन के माध्यम से भगवान शिव, मां गंगा और काशी की पौराणिक विरासत के दिव्य प्रसंगों को आसमान में जीवंत किया जाएगा। हमारा प्रयास है कि इस भव्य प्रस्तुति के जरिये देव दीपावली की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई मिले और काशी आने वाले श्रद्धालुओं व पर्यटकों को अविस्मरणीय अनुभव प्राप्त हो।'