चंदौली। स्वर्णकार समाज संघ की एकता और संगठन की मजबूती को लेकर सोमवार शाम एक अहम रणनीति तैयार की गई। जिला अध्यक्ष डॉ. ओ. पी. वर्मा के क्लीनिक पर आयोजित कोर कमेटी की बैठक में समाज के आपसी संपर्क को बढ़ाने और संगठन के विस्तार के लिए कई ठोस निर्णय लिए गए। बैठक का मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों को एक मंच पर लाना और उनके बीच संवाद के माध्यम से मजबूत संबंध स्थापित करना रहा।
बैठक में सर्वसम्मति से एक विशेष जनसंपर्क अभियान की रूपरेखा तैयार की गई। इसके तहत निर्णय लिया गया कि अब प्रत्येक सप्ताह के बुधवार और रविवार को संगठन के पदाधिकारी समाज के प्रमुख व्यक्तियों से व्यक्तिगत मुलाकात करेंगे। इस विशेष अभियान को 'चाय पर संवाद' का नाम दिया गया है। कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों के घर जाकर उनसे मेल-मिलाप किया जाएगा और समाज की बेहतरी व स्थानीय मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।

संगठन ने इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए कार्ययोजना भी तय कर ली है। आगामी बुधवार से ही इस मुहिम की औपचारिक शुरुआत कर दी जाएगी। इसके लिए समाज के प्रभावशाली लोगों की एक सूची तैयार की गई है और संपर्क करने के लिए अलग-अलग टोलियां बनाई गई हैं। ये टोलियां निर्धारित दिनों में घर-घर जाकर संगठन का संदेश पहुंचाएंगी और लोगों को संघ की गतिविधियों से जोड़ेंगी।
बैठक के समापन पर उपस्थित सभी सदस्यों ने समाज की एकता और अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया। इस महत्वपूर्ण बैठक में डॉ. विनय कुमार वर्मा, प्रेम वर्मा, त्रिभुवन वर्मा, के. वर्मा, मुरलीधर वर्मा, विनोद प्रकाश वर्मा, राजकुमार वर्मा, घनश्याम सेठ और विकास वर्मा सहित समाज के कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।