गोरखपुर। जिले के एक गांव में शुक्रवार देर रात प्रेम प्रसंग से जुड़े एक मामले ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी। रात करीब 12 बजे एक किशोर अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर चुपके से जा पहुंचा। लेकिन उसे घर में घुसते हुए गांव के कुछ लोगों ने देख लिया और देखते ही देखते पूरे गांव में हड़कंप मच गया।
लड़की के घर के बाहर भीड़ जुट गई। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने दोनों को कमरे से आपत्तिजनक हालत में पकड़ लिया। गुस्साए लोग लड़के को पुलिस के हवाले करने की बात करने लगे, लेकिन इसी दौरान लड़की ने बीच में आकर सबको चौंका दिया। उसने साफ-साफ कह दिया कि लड़का उसकी मर्जी से उससे मिलने आया है और वह उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होने देगी।
लड़की के बयान से परिजन और ग्रामीण असमंजस में पड़ गए। इसके बाद परिवारवालों ने आनन-फानन में दोनों की शादी कराने का निर्णय ले लिया। घर से सिंदूर लाया गया और मौके पर ही लड़के से लड़की की मांग भरवा दी गई।
हालांकि, शादी के कुछ देर बाद ही एक नया मोड़ आया। जब लड़के की उम्र का पता चला तो स्थिति बदल गई। दरअसल, देर रात लड़की पक्ष के लोग लड़का और लड़की को लेकर थाने पहुंचे ताकि कानूनी रूप से मामला दर्ज कराकर शादी को सुरक्षित किया जा सके। लेकिन वहीं पर खुलासा हुआ कि लड़का महज 16 साल का है, जबकि लड़की 23 साल की है।
थाने में मौजूद पुलिसकर्मियों ने जब दोनों की उम्र के बारे में पूछा तो यह साफ हो गया कि लड़का नाबालिग है और कानूनन इस उम्र में शादी मान्य नहीं है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नाबालिग की शादी वैध नहीं हो सकती और इस पर कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
हालात को देखते हुए थाने में दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से विवाद खत्म करने का निर्णय लिया। शादी का जिक्र लिखित समझौते में नहीं किया गया। इसके बावजूद दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से मंदिर में शादी करवाई और लड़की को विधिवत बहू के रूप में लड़के के घर भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि लड़का गोरखपुर के पिपराइच थाना क्षेत्र का रहने वाला है, जबकि लड़की गुलरिहा थाना क्षेत्र की निवासी है। फिलहाल दोनों परिवारों के बीच मामला शांत हो गया है और लड़की अब लड़के के घर रह रही है।