गुजरात में बड़ा हादसा: तीर्थयात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 5 की मौत, 17 गंभीर घायल

गुजरात के डांग जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तीर्थयात्रियों से भरी एक निजी बस गहरी खाई में गिर गई, जिससे पांच लोगों की मौत हो गई और 17 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।


रफ्तार पर काबू खोने से हादसा


पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 4:15 बजे सापुतारा हिल स्टेशन के पास हुई। बताया जा रहा है कि बस ड्राइवर ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते बस खाई में जा गिरी।

 


तीर्थयात्रा के दौरान हुआ हादसा


यह बस महाराष्ट्र के त्र्यंबकेश्वर से 48 तीर्थयात्रियों को लेकर गुजरात के द्वारका जा रही थी। अधिकारी के मुताबिक, बस में सवार सभी यात्री मध्य प्रदेश के गुना, शिवपुरी और अशोकनगर जिलों के रहने वाले थे।


हादसे के बाद राहत बचाव कार्य जारी


दुर्घटना की सूचना मिलते ही राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचा। एंबुलेंस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

 

 


23 दिसंबर को तीर्थयात्रा पर निकले थे श्रद्धालु


मिली जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु 23 दिसंबर को मध्य प्रदेश के शिवपुरी, गुना और अशोकनगर जिलों से धार्मिक यात्रा पर निकले थे। वे उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात के विभिन्न तीर्थ स्थलों के दर्शन कर रहे थे। यात्रा के लिए कुल चार बसें रवाना हुई थीं, जिनमें से एक बस हादसे का शिकार हो गई।


प्रशासन अलर्ट, जांच के आदेश


प्रशासन ने दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। घायलों का इलाज जारी है और स्थानीय अधिकारियों द्वारा उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है।

Latest News