अलर्ट ! यूपी में समाप्त नहीं हुआ है ठंड का असर, अगले 72 घंटे में बारिश से लुढ़केगा तापमान, 33 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। प्रदेश के 33 जिलों में घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शनिवार सुबह बुलंदशहर और मथुरा समेत 15 जिलों में दृश्यता 50 मीटर तक सिमट गई, जिससे वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।


मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से 3 और 4 फरवरी को पश्चिमी यूपी के 16 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है और ठंड का असर एक बार फिर तेज हो सकता है। शुक्रवार को अयोध्या सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6°C दर्ज किया गया। वहीं, प्रयागराज में सबसे अधिकतम तापमान 30°C रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा।


तीन दिनों तक मौसम का पूर्वानुमान


•    2 फरवरी – पूरे प्रदेश में सुबह-शाम घना कोहरा रहेगा, जिससे दृश्यता 200-300 मीटर तक सीमित रह सकती है। हालांकि, दोपहर में धूप निकलने की संभावना है।


•    3 फरवरी – पूर्वी यूपी में मौसम साफ रहेगा, जबकि पश्चिमी यूपी के कई जिलों में बारिश हो सकती है। पूरे प्रदेश में सुबह और रात के समय घना कोहरा देखने को मिलेगा।


•    4 फरवरी – पश्चिमी यूपी में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ठंडी हवाओं के चलते सर्दी और बढ़ने की संभावना है। पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क रहेगा।

 


इन जिलों में बादल छाने की संभावना


मौसम विभाग के अनुसार, 3 से 5 फरवरी के बीच लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, झांसी, इटावा, औरैया, मैनपुरी, कानपुर देहात, मेरठ, सहारनपुर, शामली, आगरा, अलीगढ़ समेत पूर्वांचल के गोरखपुर, जौनपुर और देवरिया सहित कई जिलों में बादल छाए रहने की संभावना है।


पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, ठंड में इजाफा संभव


वाराणसी के मौसम वैज्ञानिक मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, 1 फरवरी को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे 3 से 7 फरवरी के बीच प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त पूर्वा हवाओं के कारण पश्चिमी यूपी में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिलेगा।


गेहूं की फसल को बचाने के लिए सलाह


बढ़ते तापमान को देखते हुए कृषि वैज्ञानिक रोहित कुमार ने किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उनके अनुसार, जब तक दिन का तापमान 30-32°C और रात का तापमान 15°C से नीचे रहता है, तब तक गेहूं की फसल पर कोई गंभीर असर नहीं पड़ेगा। लेकिन यदि दिन का तापमान 35°C से ऊपर चला जाता है, तो गेहूं के दानों की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है।

 


33 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी


मौसम विभाग ने देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, आजमगढ़, मऊ, बलिया, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

Latest News