Latest News
बिहार में VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या, धारदार हथियार से वार, क्षत विक्षत अवस्था में मिला शव
दरभंगा। बिहार से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के सुप्रीमो मुकेश सहनी के पिता जीतन सहनी की हत्या कर दी गई। मंगलवार तड़के उनका शव दरभंगा में उनके घर में मिला।शव देखकर पता चल रहा है कि उनके ऊपर धारदार हथियार से हमला किया गया है। मौके पर घर का सामान बिखरा पड़ा है।
जानकारी के मुताबिक, दरभंगा जिले के बिरौल थाना अंतर्गत जीरत गांव में जीतन सहनी अकेले घर में रहते थे। उनके दो बेटे मुकेश सहनी और संतोष सहनी हैं। एक बेटी है, उसकी शादी हो चुकी है, जो कि मुंबई में रहती हैं। मुकेश सहनी मुंबई से दरभंगा के लिए निकल चुके हैं।
वह बिहार के पूर्व पशुपालन एवं मध्य संसाधन मंत्री रह चुके हैं। हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में उन्होंने बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव के साथ कई जनसभाएं की थी। VIP पार्टी महागठबंधन में भी शामिल है।
राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने बताया कि मुकेश सहनी के पिता की हत्या कर दी गई है और यह काफी दुखदायी है। इस तरह की घटना अपराधियों के बढ़ते मनोबल का परिणाम है। अपराधियों पर शिकंजा नहीं कसा जा रहा है।