वाराणसी। फरवरी की भीषण गर्मी के बाद मार्च में भी हालात कुछ अलग नहीं होंगे। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस महीने के दौरान तापमान 40 डिग्री सेल्सियस को पार कर सकता है और हीट वेव की अवधि हर साल के मुकाबले इस बार बढ़ सकती है। इस दौरान यूपी में जबरदस्त गर्मी कहर बरपाएगी।
हालांकि, हिमालय में पिछले तीन दिनों से हो रही बर्फबारी के चलते पूर्वांचल में मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिला। कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहने से तेज धूप से राहत मिली, वहीं 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने सुबह गुलाबी ठंड का अहसास कराया।
गर्मी का बढ़ेगा असर
वाराणसी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा था। सुबह नमी का स्तर 94% और शाम को 65% दर्ज किया गया।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, आने वाले दिनों में तापमान तेजी से बढ़ेगा और पूर्वी यूपी में हीट वेव का असर दिखने लगेगा। उन्होंने बताया कि फरवरी का औसत तापमान बीते 125 वर्षों में सबसे अधिक रहा और अब मार्च भी नया रिकॉर्ड बना सकता है।
बर्फबारी का असर खत्म, बढ़ेगा तापमान
डॉ. सिंह के अनुसार, पहाड़ों पर जारी बर्फबारी अब थमने वाली है, जिससे वाराणसी समेत पूरे यूपी में अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी होगी। हालांकि, रातें अभी थोड़ी ठंडी बनी रह सकती हैं।
मौसम वैज्ञानिकों की चेतावनी के अनुसार, लोगों को आने वाले दिनों में भीषण गर्मी और लू से बचाव के उपाय करने होंगे।