लखनऊ। होली के दिन उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने करवट लिया। एक ओर जहां पूर्वांचल में लोगों को धूप से दो चार होना पड़ा, वहीं पश्चिम में ठीक इसके विपरीत कई जिलों में बारिश और ओले गिरे। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार सुबह लखनऊ में हल्की बारिश हुई, जिससे सड़कें गीली हो गईं और ठंडी हवाओं के कारण मौसम में हल्की ठंडक महसूस की गई। वहीं, गुरुवार शाम को ग्रेटर नोएडा और आगरा में आंधी-बारिश के साथ ओले गिरे, जबकि मथुरा, अलीगढ़ और मैनपुरी में गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई।
इसके विपरीत वाराणसी मंडल में अचानक से लोगों को प्रचंड धूप का सामना करना पड़ा। वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, मिर्जापुर समेत आसपास के कई जिलों में मौसम में परिवर्तन देखा गया। यहां तापमान में अचानक बढ़ोतरी से लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। वैसे मौसम विभाग ने मार्च में पहले ही प्रचंड गर्मी पड़ने की आशंका जताई थी।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 20 पश्चिमी जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवा की गति 20 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। अलर्ट वाले जिलों में सहारनपुर, शामली, आगरा, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, औरैया, बिजनौर, अमरोहा, अलीगढ़, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल और फिरोजाबाद शामिल हैं। इन इलाकों में बारिश के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है।
राज्य में सबसे ठंडी रात अयोध्या में रही, जहां तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि झांसी सबसे गर्म रहा, जहां दिन का पारा 39.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं पूर्वांचल में वाराणसी सबसे अधिक गर्म रहा, यहां दोपहर में तापमान 37.2 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते यह बदलाव देखने को मिल रहा है। हालांकि, यह प्रभाव जल्दी ही समाप्त हो सकता है। 15 मार्च के बाद गर्मी फिर बढ़ेगी और मार्च के अंत तक तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पूर्वांचल के कुछ जिलों में हीटवेव भी सक्रिय होने की संभावना है।