पति और दो बच्चों को छोड़कर घर से भागी महिला की बॉयफ्रेंड ने कर दी हत्या, होटल में शराब पिलाने के बाद मार डाला, बच्चों को नहीं उठा रहा था जिम्मेदारी

https://admin.thefrontfaceindia.in/uploads/1692564028_woman-killed-by-boyfriend-after-leaving-husband-and-kids.jpg

भीमताल। उत्तराखंड के भीमताल इलाके में 7 जून को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। कई दिनों तक पहचान न हो पाने के बाद 9 जून को महिला की पहचान उत्तर प्रदेश के जालौन जिले की रहने वाली 30 वर्षीय पुष्पा के रूप में हुई। अब इस हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। बुधवार को जालौन पुलिस ने महिला के प्रेमी अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया, जिसने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार कर लिया।


प्रेम में अंधी हुई पुष्पा अपने शादीशुदा जीवन और बच्चों को छोड़कर 27 मई को दिल्ली पहुंची थी, जहां वह अपने प्रेमी अभिषेक के पास रहना चाहती थी। लेकिन अभिषेक इस रिश्ते को आगे बढ़ाने को तैयार नहीं था, खासकर महिला के दो बच्चों की जिम्मेदारी उठाने के लिए। जब पुष्पा ने लौटने से इनकार कर दिया, तो आरोपी ने उसकी हत्या करने की साजिश रची और 30 मई को उसे उत्तराखंड घुमाने के बहाने लेकर गया।

 


होटल में शराब पिलाने के बाद वारदात को दिया अंजाम


आरोपी अभिषेक ने पुलिस को बताया कि उसने पुष्पा को एक होटल में शराब पिलाई और बाद में टहलाने के बहाने उसे भीमताल के पास ले गया। वहां दोनों सीढ़ियों पर बैठे थे। मौका देखकर उसने नशे में धुत पुष्पा को भीमताल झील की ओर धक्का दे दिया। इसके बाद वह अकेले दिल्ली लौट आया, जहां वह सामान्य जीवन जीता रहा।


7 जून को पुलिस को भीमताल झील के पास महिला का शव मिला। शव की पहचान नहीं हो पाने के कारण मामला उलझ गया था, लेकिन दो दिन बाद पुष्पा के पति ऋषि तिवारी ने शव की पहचान अपनी पत्नी के रूप में की। ऋषि ने पहले ही शक जताया था कि उसकी पत्नी की गुमशुदगी के पीछे गांव के युवक अभिषेक का हाथ हो सकता है। उसने पुलिस को नामजद तहरीर भी दी थी।


गांव में शुरू हुआ था रिश्ता


जानकारी के मुताबिक, पुष्पा और अभिषेक दोनों जालौन के डकोर गांव के रहने वाले हैं। पुष्पा की शादी 2016 में ऋषि तिवारी से हुई थी, जो खेती-किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके दो बच्चे हैं। पुष्पा पढ़ाई छोड़ चुकी थी और घर संभाल रही थी। वहीं अभिषेक दिल्ली में एक होटल में नौकरी करता था और छुट्टियों में गांव आता था।


गांव में ही पुष्पा के बच्चों को पढ़ाने के बहाने अभिषेक का आना-जाना शुरू हुआ। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और पिछले दो साल से उनका प्रेम-प्रसंग चल रहा था। अभिषेक का कहना है कि उसने कभी पुष्पा से साथ रहने का वादा नहीं किया था, लेकिन वह लगातार दबाव बना रही थी।

 


पति की सतर्कता से सुलझा मामला


पुष्पा के लापता होने के बाद उसके पति ने सबसे पहले पुलिस को गुमशुदगी की सूचना दी थी। बाद में जब भीमताल में एक महिला का शव बरामद हुआ, तो उन्होंने पहचान कर हत्या की आशंका जताई और अभिषेक को मुख्य संदिग्ध बताया। पुलिस ने मोबाइल कॉल डिटेल और पुष्पा के पिछले संपर्कों के आधार पर अभिषेक की तलाश शुरू की और अंततः जालौन के उरई रोड से उसे गिरफ्तार कर लिया।


प्रभारी निरीक्षक अजीत सिंह ने बताया कि आरोपी ने अपने अपराध को पूरी तरह स्वीकार कर लिया है। उत्तराखंड पुलिस से मिली जानकारी और घटनास्थल से एकत्र साक्ष्यों के आधार पर केस को पुख्ता किया गया है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

इसे भी पढ़ें

Latest News