‘कांटा लगा’ फेम एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का निधन, कार्डियक अरेस्ट से हुई मौत, इंडस्ट्री में शोक की लहर, म्यूजिक एल्बम से बनाई थी पहचान

https://admin.thefrontfaceindia.in/uploads/1751565317_shefali-jariwala-passed-away-due-to-cardiac-arrest-at-42.jpg

मुंबई। मनोरंजन जगत से एक दुखद खबर सामने आई है। ‘कांटा लगा’ गाने से रातोंरात मशहूर हुईं एक्ट्रेस और मॉडल शेफाली जरीवाला अब इस दुनिया में नहीं रहीं। 42 वर्षीय शेफाली को 27 जून की देर रात अचानक कार्डियक अरेस्ट आया, जिसके बाद उनके पति पराग त्यागी उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले गए। हालांकि डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शेफाली को बेलेव्यू मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी। इस दुखद घटना की पुष्टि फिल्म क्रिटिक विक्की लालवानी ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में की। उन्होंने लिखा, “शेफाली अब हमारे बीच नहीं रहीं। अस्पताल के रिसेप्शन स्टाफ ने यह जानकारी दी कि उनके पहुंचने से पहले ही उनकी मृत्यु हो चुकी थी।”


शेफाली के पार्थिव शरीर को पोस्टमॉर्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल उनके परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन उनके अचानक निधन से उनके फैंस और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।


गुजरात के अहमदाबाद में जन्मीं थीं शेफाली


15 दिसंबर 1982 को जन्मीं शेफाली जरीवाला, गुजरात के अहमदाबाद की रहने वाली थीं। उनके पिता सतीश जरीवाला और मां सुनिता जरीवाला हैं। 2015 में उन्होंने टीवी अभिनेता पराग त्यागी से शादी की थी। शेफाली का अभिनय और डांस का सफर बेहद प्रभावशाली रहा है।

 


‘कांटा लगा’ से मिली पहचान


2002 में रिलीज हुए म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ से शेफाली को वह पहचान मिली, जो हर युवा कलाकार का सपना होता है। उनके बोल्ड और एनर्जेटिक डांस मूव्स ने उन्हें रातोंरात देशभर में एक पॉप आइकन बना दिया। यह वीडियो 1972 की फिल्म ‘समाधी’ के प्रसिद्ध गाने का रीमिक्स वर्जन था, जिसे लता मंगेशकर ने गाया था और संगीतकार आर.डी. बर्मन ने संगीतबद्ध किया था।


बीमारी के चलते लिया था करियर से ब्रेक


एक इंटरव्यू में शेफाली ने बताया था कि जब वह मात्र 15 साल की थीं, तो उन्हें मिर्गी (Epilepsy) की बीमारी का पता चला था। इस बीमारी से जूझते हुए उन्होंने लंबे समय तक इलाज कराया और करियर से लंबा ब्रेक लिया। करीब 15 साल तक इस बीमारी से लड़ने के बाद वह दोबारा सक्रिय हुईं।


बिग बॉस और नच बलिए में दिखीं शेफाली


शेफाली ने बिग बॉस सीजन 13 में बतौर कंटेस्टेंट हिस्सा लिया था, जहां उन्हें दर्शकों का खूब प्यार मिला। इसके अलावा उन्होंने पति पराग त्यागी के साथ डांस रियलिटी शो नच बलिए सीजन 5 और 7 में भी भाग लिया था। फिल्मों में भी वह नजर आईं, खासकर ‘मुझसे शादी करोगी’ में, जिसमें उन्होंने सलमान खान, अक्षय कुमार और प्रियंका चोपड़ा के साथ काम किया।

 


इंडस्ट्री में शोक, मीका सिंह ने जताया दुख


शेफाली के असमय निधन से उनके फैंस ही नहीं, बल्कि पूरी मनोरंजन इंडस्ट्री सदमे में है। मशहूर सिंगर मीका सिंह ने इंस्टाग्राम पर एक इमोशनल पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “मैं बहुत दुखी हूं, मेरी प्यारी दोस्त शेफाली अब हमारे बीच नहीं रहीं। यकीन करना मुश्किल है कि वो अब नहीं हैं।”

इसे भी पढ़ें

Latest News